– श्रीलंका में होने वाली टेस्ट ट्वेंटी स्पर्धा के लिए चयन
नागपुर :- नागपुर जिले के सावनेर के 17 वर्षीय उभरते क्रिकेट खिलाड़ी ध्रुव शक्तिकांत पिसे का श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित होने वाली पहली अंतरराष्ट्रीय टेस्ट ट्वेंटी क्रिकेट स्पर्धा के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि से सावनेर सहित पूरे विदर्भ के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
इस प्रतियोगिता के लिए 27 देशों के 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इसमें भारत से 40 लड़कों और 40 लड़कियों सहित कुल 80 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में 27 देशों के 160 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 29 नवंबर तक कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा। खिलाड़ियों को एबी डिविलियर्स, मैथ्यू हेडन और हरभजन सिंह सहित कई दिग्गज क्रिकेटरों का मार्गदर्शन मिलेगा।
ध्रुव पिसे ने इस वर्ष अब तक 160 मैचों में 35 की औसत और 190.86 के स्ट्राइक रेट से 5,321 रन बनाए हैं। महज 17 वर्ष की उम्र में वह अपने क्रिकेट करियर में 13 हजार रनों का आंकड़ा भी पार कर चुका है।
ध्रुव पिसे ने 13 वर्ष की उम्र में विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (वीसीए) की अंडर-14 टीम में जगह बनाई थी। इसके अलावा विदर्भ प्रीमियर लीग में सबसे युवा खिलाड़ी के रूप में भी उसे अवसर मिला। अपनी सफलता का श्रेय ध्रुव ने कोच जितेश समशेरिया के मार्गदर्शन को दिया है।
सामान्य सुविधाओं वाले सावनेर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंचना ध्रुव की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उसके चयन से क्षेत्र के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिली है।






