spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

48 घंटे में जेल की सलाखों के पीछे आरोपी

– लोहे का सामान चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

नागपुर :- नागपुर के कोराडी थाना क्षेत्र में निर्माण स्थल से लोहे का सामान चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने सेंट्रल इंडिया कॉलेज के पास स्थित रीजनल ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर, लोनारा के निर्माण स्थल को निशाना बनाते हुए लोहे की रॉड और अन्य सामग्री ट्रक में भरकर चोरी कर ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल छह चक्का ट्रक समेत कुल 3.50 लाख रुपये का माल जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पांचपावली के अशोक नगर निवासी टिंकु रामप्रकाश शाहू (39) और कलमना के पार्वती नगर निवासी नावेद अस्लम बेग के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, हंसापुरी निवासी वकार अहमद रियाज अहमद (60) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि लोनारा स्थित निर्माण स्थल से शाम करीब 6.30 से 7.30 बजे के बीच अज्ञात चोर लोहे की रॉड और अन्य सामग्री ट्रक में भरकर ले गए। शिकायत के आधार पर कोराडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के करीब 130 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। लगातार तलाश के बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी का माल पांचपावली के अशोक चौक के पास एक छह चक्का ट्रक में रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां संदिग्ध ट्रक के पास टिंकु शाहू और नावेद बेग दिखाई दिए। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली। इसमें लोहे की कई रॉड और एल्युमिनियम के दरवाजों की फ्रेम सहित अन्य सामग्री बरामद हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने लोनारा में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।

इसके बाद पुलिस ने ट्रक और चोरी के सामान समेत कुल 3.50 लाख रुपये का माल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश धुमाल तथा एएसआई अंकित अंबेपवार, नरेश खांबलकर, प्रताप शेलके, बबन वैद्य, धीरज कोरडे और अनिकेत चौधरी की टीम ने की।

Popular Articles