– 22 नवंबर को सारंग और सूर्यकिरण टीम दिखाएगी करतब
नागपुर :- भारतीय वायुसेना के रोमांचक हवाई करतब देखने के लिए नागपुरवासियों को जल्द ही एक बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। सात साल के लंबे अंतराल के बाद 22 नवंबर को शहर के आसमान में भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम अपने शानदार हवाई करतबों से दर्शकों को रोमांचित करेंगी। दोनों टीमों ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों से इस तारीख की जानकारी साझा की है। हालांकि, भारतीय वायुसेना की ओर से स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम का विस्तृत कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाओं की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।
इस हवाई प्रदर्शन में हेलीकॉप्टरों की तालमेलपूर्ण उड़ान, तेज गति से रोमांचक करतब और आसमान में आकर्षक संरचनाएं देखने को मिलेंगी। सूर्यकिरण टीम अपने विमानों के जरिए हवा में जटिल संरचनाएं बनाकर प्रदर्शन करेगी, जबकि सारंग टीम अत्याधुनिक एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टरों से समन्वित करतब दिखाएगी।
2019 के एयर फेस्ट की यादें होंगी ताजा
नागपुर में इससे पहले वर्ष 2019 में भारतीय वायुसेना का भव्य एयर फेस्ट आयोजित किया गया था। यह आयोजन वायुसेना की 87वीं वर्षगांठ और शहर स्थित मेंटेनेंस कमांड की 65वीं वर्षगांठ के अवसर पर हुआ था। उस समय बड़ी संख्या में लोगों ने हवाई प्रदर्शन का आनंद लिया था।
कार्यक्रम में सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने डायमंड और डेल्टा जैसी आकर्षक संरचनाओं के साथ प्रदर्शन किया था। इसके अलावा मिराज, मिग और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों की आकृतियों वाली संरचनाएं बनाकर दर्शकों को रोमांचित किया था। इसके बाद गरुड़ कमांडो ने हेलीकॉप्टर से उतरकर काल्पनिक दुश्मन क्षेत्र में अभियान का प्रदर्शन किया था। वायुसेना की आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम ने करीब 7,000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया था। सारंग हेलीकॉप्टर टीम के तालमेलपूर्ण करतब भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे थे।
क्या इस बार राफेल भी दिखाएगा दम?
इस बार सारंग और सूर्यकिरण टीमों के प्रदर्शन की घोषणा के बाद विमानन प्रेमियों में राफेल लड़ाकू विमानों को देखने की भी उत्सुकता है। हालांकि, नागपुर के एयर शो में राफेल की भागीदारी को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वर्ष 2019 के एयर फेस्ट में सुखोई लड़ाकू विमान ने भी अपने हवाई करतबों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया था। ऐसे में इस बार किसी लड़ाकू विमान के प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना को लेकर भी लोगों में उत्सुकता बनी हुई है।






