सनी देओल और रवि किशन की फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली थी. पर फिल्म को लेकर हुए विवाद के बाद अब ये अपने तय वक्त पर रिलीज़ नहीं हो पाएगी. मेकर्स ने इसकी रिलीज को फिलहाल 2027 तक के लिए टालने का फैसला किया है. पिछले महीने ‘सूर्या’ का टीजर आया था, जिसके बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने इसमें डॉक्टरों के चित्रण के तरीके पर सवाल उठाए थे. मामला कोर्ट तक पहुंच गया था.
विवाद के बाद से फिल्म की रिलीज़ पर खतरा मंडराता नज़र आ रहा था. मेकर्स ने फिल्म को फिलहाल पोस्टपोन करने का फैसला किया है ताकि ‘सूर्या’ को लेकर आईएमए की चिंताओं का समाधान किया जा सके. मेकर्स अब इस फिल्म को 15 जनवरी, 2027 को रिलीज़ करने के बारे में सोच रहे हैं. हालांकि मेकर्स आधिकारिक तौर पर अब डेट का ऐलान तब ही करेंगे जब फिल्म पर विवाद खत्म होगा और सीबीएफसी से इसे हरी झंडी मिल जाएगी.
सूर्या का निर्देशन मलयालम फिल्ममेकर एम पद्मकुमार ने किया है. फिल्म का पहला टीजर सनी देओल के बर्थडे पर 19 अक्टूबर को रिलीज़ किया गया था. टीजर में सनी देओल हेल्थकेयर सिस्टम की गड़बड़ियों के खिलाफ लड़ते दिखाई दिए. साथ ही वो डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा भी करते दिखे. इसको लेकर आईएमए ने फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोला और इसका विरोध किया. डॉक्टरों का कहना था कि जिस तरह की सामग्री टीजर में है, उससे लोगों के बीच डॉक्टर को लेकर नफरत पैदा हो सकती है.






