बॉलीवुड में गुजरे जमाने की मशहूर एक्ट्रेस निम्मी के निधन के 6 साल बाद उनके साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. जुहू में स्थित उनके 7-8 करोड़ रुपये के दो फ्लैट्स पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप है. इसके अलावा बैंक खातों से करोड़ों रुपये की हेराफेरी का भी दावा है. अभिनेत्री के एक रिश्तेदार ने उनके लंबे समय तक केयरटेकर रहे असरार अहमद शेख पर बैंक खातों से करोड़ों रुपये की रकम निकालने और जुहू स्थित दो फ्लैट हड़पने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. इस शिकायत के आधार पर मुंबई के सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और जालसाजी समेत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है.
असरार अहमद शेख कई सालों से अभिनेत्री निम्मी और उनके पति अली रजा के यहां घरेलू सहायक और केयरटेकर के तौर पर काम कर रहा था. साल 2007 में अली रजा के निधन के बाद निम्मी अकेले रहने लगी थीं. बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते उन्होंने केयरटेकर असरार शेख के साथ संयुक्त बैंक खाते खुलवाए थे. इसके बाद से ही असरार एक्ट्रेस के वित्तीय लेन-देन और पैसों से जुड़े मामलों को संभालता था.
निम्मी और उनके पति ने जुहू तारा रोड स्थित नेहा अपार्टमेंट में बी-31 और बी-32 नंबर के दो फ्लैट्स खरीदे थे. इसके साथ उनके पास पार्किंग की जगह भी थी. दोनों फ्लैट्स अभिनेत्री के नाम पर ही पंजीकृत थे. इसके अलावा उनके पास सोने-चांदी के आभूषण, मारुति सुज़ुकी सिआज कार और भारतीय स्टेट बैंक तथा सारस्वत बैंक में करीब 1.77 करोड़ रुपये की जमा एफडी भी थी. निधन से पहले निम्मी ने वसीयत तैयार की थी, जिसमें गुरपाल सिंह, हरबंस सिंह सचर को वसीयत का निष्पादक नियुक्त किया गया था. वसीयत के अनुसार अभिनेत्री ने अपनी बैंक जमा राशि, दोनों फ्लैट्स, आभूषण, पार्किंग और अन्य संपत्तियां अपने गोद लिए हुए बेटे अली सैयद परवेज और परिवार के सदस्यों के नाम की थीं.






