spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

मनीला के गुरुद्वारे में पहुंचे पीएम मोदी

– खालसा दीवान के पुनर्विकास कार्यों का किया शिलान्यास, कार सेवा में भी लिया हिस्सा

मनीला :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला स्थित ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्यों के शिलान्यास समारोह में हिस्सा लिया और कार सेवा भी की। यह गुरुद्वारा 100 साल से अधिक पुराना है और फिलीपींस में सिख समुदाय की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।

गुरुद्वारा खालसा दीवान का निर्माण वर्ष 1929 में भारत से मनीला पहुंचे पंजाबी समुदाय के लोगों ने कराया था। समय के साथ इसकी संरचना के पुनर्विकास की आवश्यकता महसूस की गई, जिसके चलते अब इसके पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम को लेकर सोमवार को अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर जानकारी साझा की थी। उन्होंने कहा था कि ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने सिख समुदाय की सेवा भावना और गुरु साहिबानों की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सिख समुदाय ने दुनिया भर में सेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। इस दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री की फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी प्रस्तावित है।

Popular Articles