– नई बस्ती और गुमगांव माइन क्षेत्र में बिछेगी नई पाइपलाइन, बावनकुले का आश्वासन
खापा :- खापा नगर परिषद क्षेत्र की नई बस्ती और गुमगांव माइन परिसर में लंबे समय से जारी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगराध्यक्ष पीयूष राजेंद्र बुरडे ने पहल की है। विधायक डॉ. आशीष देशमुख और विधान परिषद सदस्य विधायक डॉ. राजीव पोतदार के नेतृत्व में इस समस्या को शासन स्तर पर उठाया गया है। इस क्षेत्र में नई जलवाहिनी और पाइपलाइन बिछाने के कार्य के लिए जिला नियोजन निधि से आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
इस संबंध में नगराध्यक्ष बुरडे की मांग पर विधायक डॉ. आशीष देशमुख और विधायक डॉ. पोतदार ने राज्य के राजस्व मंत्री एवं नागपुर जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को 2 नवंबर 2026 को पत्र सौंपकर आवश्यक निधि उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। पत्र में नई पाइपलाइन बिछाने सहित संबंधित कार्यों का तत्काल अनुमानपत्र तैयार कराकर प्रशासनिक मंजूरी देने की मांग की गई। पत्र के अनुसार, खापा नगर परिषद क्षेत्र की नई बस्ती और गुमगांव माइन परिसर के नागरिकों को भीषण जलसंकट का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल गुमगांव माइन स्थित कुएं से इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति की जा रही है। हालांकि, कुएं के पानी की गुणवत्ता और गर्मियों में संभावित जलकिल्लत को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था करना आवश्यक हो गया है।
बुरडे के प्रयासों से जागी उम्मीद
इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्षेत्र में नई जलवाहिनी (पाइपलाइन) बिछाने और उससे जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की गई है। इसके लिए जिला नियोजन निधि योजना के अंतर्गत प्रस्ताव तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने तथा पर्याप्त निधि उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। खापा शहर के नागरिकों को नियमित, स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगराध्यक्ष पीयूष बुरडे द्वारा किए जा रहे इस प्रयास से नई बस्ती और गुमगांव माइन क्षेत्र के नागरिकों में उम्मीद जगी है।






