– शिकायत करने वाले अधिकारी पर ही लगा रिश्वतखोरी का आरोप
नागपुर :- नागपुर ग्रामीण आरटीओ कार्यालय के मोटर वाहन निरीक्षक साजन शालिग्राम शेंडे (50) को आखिरकार राज्य के परिवहन विभाग ने निलंबित कर दिया है। शेंडे खुद आरटीओ अधिकारियों के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी में शिकायत करने वाले अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे, लेकिन बाद में वे खुद ही रिश्वतखोरी के मामले में एसीबी के जाल में फंस गए।
जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को 20 मोटर वाहन निरीक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आरटीओ विभाग में कथित भ्रष्टाचार को लेकर एसीबी को ज्ञापन सौंपा था। इसमें साजन शेंडे भी शामिल थे। हालांकि, बाद में जांच के दौरान खुर्सापार स्थित महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश सीमा जांच नाके पर अवैध वसूली का मामला सामने आया।
10 जून को एक ट्रक मालिक ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, जांच नाके से ट्रक को आगे जाने देने के लिए पहले 500 रुपये की रिश्वत ली गई थी। इसके बाद 11 जून को एसीबी ने मामले का सत्यापन किया। इस दौरान निजी एजेंट प्रवीण बाबूराव गायधाने (50) ने ट्रक को प्रवेश देने के लिए शिकायतकर्ता से 500 रुपये की मांग की। उस समय मोटर वाहन निरीक्षक साजन शेंडे भी नाके पर ड्यूटी पर मौजूद थे। एसीबी ने अपर पुलिस अधीक्षक माधुरी बाविस्कर और विजय माहुलकर के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक मयूर चौरसिया की टीम के साथ जाल बिछाया। जैसे ही प्रवीण गायधाने ने शिकायतकर्ता से 500 रुपये स्वीकार किए, एसीबी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने यह रकम साजन शेंडे के प्रोत्साहन और समर्थन से लेने की बात बताई। इसके बाद शेंडे को भी हिरासत में लिया गया। इस मामले में नागपुर ग्रामीण के केलोद पुलिस थाने में भ्रष्टाचार प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया था। 12 जून को अदालत ने शेंडे को जमानत दे दी थी। अब परिवहन विभाग ने 13 जून को आदेश जारी कर उन्हें निलंबित कर दिया है।






