– तोतलाडोह की बिगड़ी स्थिति, मई-जून में बढ़ सकती है परेशानी
नागपुर :- अभी सर्दी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है और नागपुर के सामने भीषण जलसंकट की आशंका मंडराने लगी है। शहर की प्यास बुझाने वाले तोतलाडोह जलाशय में पानी तेजी से कम हो रहा है। वर्तमान में यहां केवल 22.46 प्रतिशत जलसंग्रह बचा है। चिंताजनक बात यह है कि 30 अक्टूबर को जलाशय में 36 प्रतिशत से अधिक पानी उपलब्ध था। महज 15 दिनों में जलस्तर में भारी गिरावट दर्ज की गई है। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले गर्मी के महीनों में नागपुर वासियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
पिछले वर्ष इसी अवधि में तोतलाडोह में 88.07 प्रतिशत जलसंग्रह उपलब्ध था। इस बार स्थिति बिल्कुल विपरीत है। सर्दियों में ही जलस्तर तेजी से नीचे जा रहा है। आने वाले महीनों में तापमान बढ़ने के साथ वाष्पीकरण भी बढ़ेगा, जिससे जलसंग्रह पर और दबाव पड़ने की आशंका है। जिले के अन्य जलाशयों की स्थिति भी बहुत संतोषजनक नहीं है। खिंडसी में 38.56 प्रतिशत, वडगांव में 49.01 प्रतिशत और नांद जलाशय में 60.19 प्रतिशत पानी शेष है। वहीं, कामठी-खैरी में 79.12 प्रतिशत जलसंग्रह दर्ज किया गया है। पिछले वर्ष इसी अवधि में खिंडसी और नांद जलाशय पूरी क्षमता के करीब थे, जबकि वडगांव पूरी तरह भरा हुआ था।
कम बारिश ने बढ़ाई मुश्किल
इस वर्ष मानसून के दौरान नागपुर जिले में सामान्य से काफी कम बारिश हुई। जिले में औसतन करीब 950 मिमी वर्षा होती है, लेकिन इस बार केवल 654 मिमी बारिश दर्ज की गई। वर्ष 2009 के बाद यह सबसे कम वर्षा बताई जा रही है। कम बारिश के कारण जिले के पांच प्रमुख जलाशयों में से कोई भी पूरी क्षमता तक नहीं भर सका। अल नीनो के प्रभाव से भी मानसून की स्थिति प्रभावित होने की बात कही जा रही है।
मई-जून तक जलापूर्ति बनाए रखना बड़ी चुनौती
नवंबर में ही जलसंग्रह की यह स्थिति प्रशासन और नागरिकों दोनों के लिए चिंता का विषय है। अभी आधी सर्दी और पूरा गर्मी का मौसम बाकी है। ऐसे में मई-जून तक जलापूर्ति बनाए रखना बड़ी चुनौती हो सकती है।
संभावित संकट को देखते हुए प्रशासन को जल प्रबंधन और संरक्षण के उपायों पर विशेष ध्यान देना होगा। नागरिकों से भी पानी का अनावश्यक उपयोग रोकने और प्रत्येक बूंद बचाने की अपील की जा रही है। समय रहते पानी की बचत और नियोजन नहीं किया गया तो गर्मी में नागपुर को गंभीर जलसंकट का सामना करना पड़ सकता है।






