फिल्ममेकर करण जौहर की फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ में करीना कपूर और ऋतिक रोशन की जोड़ी को काफी पसंद किया गया था. 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म में करीना ने पू और ऋतिक ने रोहन का किरदार निभाया था. अब करीब 25 साल बाद ये जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आने वाली है. पू और रोहन का रीयूनियन होने जा रहा है. इसकी जानकारी खुद करण जौहर ने दी है.
करण जौहर ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें करीना और ऋतिक की झलक देखने को मिल रही है. वीडियो में करीना अपनी फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ के किरदार पू की तरह तैयार होती नजर आ रही हैं. वो रेड कलर की सैंडल उठाती हैं और लिपस्टिक लगाती हैं.
इसके बाद फिल्म का ऋतिक के जूते बांधने वाला आइकॉनिक सीन भी दिखाया गया है. करण ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘कुछ कहानियां 25 साल बाद भी खत्म नहीं होतीं.’ इस पोस्ट से जुड़ी पूरी जानकारी 19 नवंबर को सामने आएगी.
करण जौहर की इस पोस्ट से अभी ये साफ नहीं हुआ है कि करीना और ऋतिक किस प्रोजेक्ट में साथ नजर आने वाले हैं. सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि ये किसी ऐड या शो का हिस्सा हो सकता है. हालांकि, इस वीडियो के पीछे की असली वजह 19 नवंबर को ही सामने आएगी. फिलहाल फैंस दोनों को एक बार फिर साथ देखने के लिए काफी एक्साइटेड हैं.
करण जौहर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ साल 2001 में रिलीज हुई थी. इस फैमिली ड्रामा फिल्म में अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, शाहरुख खान, काजोल, ऋतिक रोशन और करीना कपूर अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. फिल्म में शाहरुख ने राहुल, काजोल ने अंजलि, ऋतिक ने रोहन और करीना ने पू का किरदार निभाया था.






