– पुलिस स्टेशन, BNP सांसद का घर फूंका
– ढाका में बसें जलाईं; 1 की मौत
ढाका :- बांग्लादेश में मंगलवार शाम एक बार फिर राजनीतिक हिंसा भड़क गई। बैन हो चुकी अवामी लीग और उसकी छात्र शाखा प्रतिबंधित छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने शेख हसीना के गृह जिले टुंगीपाड़ा, गोपालगंज में पुलिस थाने पर हमला कर दिया।
कई गाड़ियों में आग लगा दी। हमलावरों ने थाने पर हमला करके हिरासत में बंद कार्यकर्ताओं को छुड़ा लिया। हिंसा सिर्फ थाने तक नहीं रुकी।
BNP सांसद के घर जला दिया गया, गाजीपुर में पूर्व मंत्री एकेएम मोजम्मेल हक के घर में आग लगाई गई। ढाका में भी कई बसें फूंकी गईं और दो जगहों पर देसी बम फटे।
हिंसा के बाद से गोपालगंज में अतिरिक्त पुलिस और सेना तैनात की गई है। टुंगीपाड़ा में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क में दिक्कत की खबरें हैं। इसी हिंसा के बीच फरीदपुर में BNP के एक नेता की हत्या कर दी गई। पुलिस ने कहा है कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान वीडियो से की जा रही है।
BNP सांसद का घर फूंका गया
थाने के बाद हिंसा गोपालगंज-3 (टुंगीपाड़ा-कोटालीपाड़ा) से BNP सांसद एसएम जिलानी के घर तक पहुंच गई। उनका घर थाने से करीब 1.5 किलोमीटर दूर है।चश्मदीदों और BNP सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले थाने पर हमला किया, फिर सांसद के घर की तरफ बढ़े। उन्होंने घर में तोड़फोड़ की और आग लगा दी।
गाजीपुर में पूर्व मंत्री का घर जलाया
गाजीपुर में पूर्व मंत्री एकेम मोजम्मेल हक के पुराने घर में भी आग लगा दी गई। ये घर गाजीपुर सदर के काशिमपुर इलाके में है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे 15-20 लोगों का एक समूह घर के पास पहुंचा, दरवाजा तोड़ा और अंदर आग लगा दी। आग बुझाने के लिए फायर सर्विस की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।






