– भोपाल से 4 महिलाएं गिरफ्तार, 8 राज्यों के सरपंच और ग्रामसेवक थे निशाने पर
नागपुर :- अखबार और न्यूज चैनल के नाम का दुरुपयोग कर महिला सरपंचों और ग्रामसेवकों को बदनाम करने की धमकी देकर पैसे वसूलने वाले गिरोह का नागपुर ग्रामीण पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ‘श्रेष्ठ न्यूज’ के नाम पर विज्ञापन प्रकाशित करने का झांसा देकर सरपंचों से 3 से 5 हजार रुपये मांगे जाते थे। पैसे देने से इनकार करने पर ग्राम पंचायत में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की खबर प्रकाशित कर बदनाम करने की धमकी दी जाती थी। इस मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश के भोपाल में संचालित तीन अवैध कॉल सेंटरों पर कार्रवाई कर चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन कॉल सेंटरों में 35 युवतियां काम कर रही थीं। पुलिस ने 54 मोबाइल फोन, लैपटॉप, कंप्यूटर और 618 रजिस्टर सहित कुल 7 लाख 29 हजार 260 रुपये का सामान जब्त किया है। मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार ने मंगलवार को पत्रकार परिषद में दी।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को लोहारी सावंगा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में आयोजित जनप्रतिनिधियों की बैठक में कुछ महिला सरपंचों ने ‘श्रेष्ठ न्यूज’ के नाम पर फोन कर पैसों की मांग और इनकार करने पर बदनाम करने की धमकी मिलने की शिकायत की थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की। मीना सुरेशसिंह सूर्यवंशी (47), सरपंच, गट ग्राम पंचायत गोधनी गायमुख, निवासी मोवाड, तहसील नरखेड़, जिला नागपुर की शिकायत पर नरखेड़ पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(3), 318(2), 319(2) और 351(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार, 11 अगस्त से 6 नवंबर 2026 के बीच आरोपियों ने मीना सूर्यवंशी सहित कई सरपंचों से संपर्क किया। इनमें जुनोना फुके की सरपंच प्रभा ओमप्रकाश गोतमारे, देवली की पूर्व सरपंच मंगला कोरडे, भिष्णूर की सरपंच लता बागडे, मायवाड़ी के सरपंच गौतम शेंडे और खराशी के सरपंच नासिर शेख शामिल हैं। स्वतंत्रता दिवस के शुभकामना विज्ञापन के नाम पर मीना सूर्यवंशी से 3 हजार रुपये मांगे गए और ऑनलाइन भुगतान के लिए क्यूआर कोड भेजा गया। पैसे देने से इनकार करने पर बदनाम करने वाली खबर प्रकाशित करने की धमकी दी गई। वहीं, प्रभा गोतमारे से ऑनलाइन माध्यम से 500 रुपये वसूले गए।
भोपाल के 3 कॉल सेंटरों में 35 युवतियां कार्यरत
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि भोपाल में तीन स्थानों पर अवैध कॉल सेंटर चलाए जा रहे थे। हर्षवर्धन नगर स्थित सेंटर में 27, निशातपुरा में चार और एमपी-1 नगर स्थित सेंटर में चार युवतियां काम कर रही थीं। कुल 35 युवतियों को वेतन पर रखा गया था और उन्हें सरपंचों तथा ग्रामसेवकों को फोन करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
गिरोह ने महापंचायत पोर्टल के माध्यम से महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के ग्राम पंचायतों से जुड़ा डेटा जुटाया था। इन आठ राज्यों के सरपंचों और ग्रामसेवकों के मोबाइल नंबरों के 618 रजिस्टर तैयार किए गए थे। अलग-अलग भाषाओं का ज्ञान रखने वाली युवतियों को राज्यवार जिम्मेदारी सौंपी गई थी, ताकि वे स्थानीय भाषा में संपर्क कर सकें।
4 महिला आरोपियों में दो बहनें
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी बगची, वार्ड क्रमांक 13, छतरी चौराहा, नरसिंहगढ़, जिला राजगढ़, मध्यप्रदेश निवासी मोनिका लाल सिंह सूर्यवंशी (28) सहित इसी पते पर रहनेवाली नेहा लाल सिंह सूर्यवंशी (23), मकान क्रमांक 1314, भीमनगर, बुद्ध मंदिर के पास, सातपुड़ा भवन, हुजूर, भोपाल निवासी अक्षरा मिलिंद अरक (21) और मकान क्रमांक 1258, अन्ना नगर, नेहरू बालभारती विद्यालय के पास, वार्ड क्रमांक 57, गोविंदपुरा, हुजूर, भोपाल निवासी कोमल मोहन मोरे (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नेहा, अक्षरा और कोमल ‘श्रेष्ठ न्यूज’ के नाम पर फोन कर सरपंचों से पैसे मांगने में शामिल थीं।
कार्रवाई में पुलिस ने 54 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, दो कंप्यूटर, एक प्रिंटर, 618 रजिस्टर, ‘दैनिक श्रेष्ठ न्यूज’ के नाम से छपे पॉकेट और पर्चे, यस बैंक के स्कैनर वाली रसीदें तथा चेकबुक जब्त की हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 7 लाख 29 हजार 260 रुपये बताई गई है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के और काटोल के उपविभागीय पुलिस अधिकारी पराग पोटे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा, साइबर सेल और संबंधित पुलिस टीमों ने की।





