मुंबई :- देश के बड़े शहरों में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर अब फिल्मी सितारे भी अपनी चिंता जाहिर कर रहे हैं। अभिनेत्री सोनम कपूर, सयानी गुप्ता और निमरत कौर ने पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखते हुए लोगों से जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
मुंबई में आयोजित छठे अर्थशॉट पुरस्कार समारोह के दौरान सयानी गुप्ता ने शहर में तेजी से बढ़ते निर्माण कार्यों और पेड़ों की कटाई पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लगातार इमारतें बनने और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचने से मुंबई में रहना मुश्किल होता जा रहा है।
सयानी ने मैंग्रोव के जंगलों और हरियाली को बचाने की जरूरत पर भी जोर दिया। उनका मानना है कि विकास के नाम पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने की प्रवृत्ति पर रोक लगनी चाहिए।
वहीं, सोनम कपूर ने प्रदूषण को आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा कि जब वह अपने बच्चों के भविष्य के बारे में सोचती हैं, तो मौजूदा पर्यावरणीय हालात उन्हें चिंतित करते हैं।
अभिनेत्री निमरत कौर ने भी नागरिकों से अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि आसपास सफाई बनाए रखना, पानी में कचरा नहीं डालना और प्रदूषण कम करने की कोशिश करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।






