– यूपीए के कार्यकाल को बताया घोटालों का दौर
नई दिल्ली :- वीडियो गेम ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो VI (जीटीए 6) की लॉन्चिंग को लेकर दुनियाभर में हो रही चर्चा अब भारतीय राजनीति तक पहुंच गई है। कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसे जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीटीए 6 के विजुअल्स और थीम का इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया पर अभियान छेड़ दिया है। पार्टी ने इसके जरिए अपने शासनकाल में हुए विकास कार्यों को दिखाने के साथ ही कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार पर भ्रष्टाचार और घोटालों को लेकर निशाना साधा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने लिखा, “भारत एक बिल्कुल नया गेम खेल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने 10 स्लाइड साझा कीं, जिनका शीर्षक था- जीटीए 5 और 6 के बीच, देखिए कैसे’। इन स्लाइड के जरिए प्रधानमंत्री ने जीटीए के दोनों संस्करणों के बीच के समय में भारत में हुए विकास कार्यों और बदलावों को दिखाने की कोशिश की।
स्मृति ईरानी ने भी साझा की प्रधानमंत्री की पोस्ट
भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने प्रधानमंत्री मोदी की पोस्ट साझा करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, जब दुनिया जीटीए 6 का इंतजार कर रही थी, तब टीम इंडिया ने एक बड़ा लेवल पार कर लिया और हर बड़े विजन को एक सफल मिशन में बदल दिया।”
वहीं भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जीटीए 6? नहीं, जीटीए : यूपीए एरा!’ शीर्षक के साथ एक वीडियो पोस्ट किया गया। इसमें यूपीए सरकार के 2004 से 2014 तक के कार्यकाल को ‘यूपीए स्कैम एरा’ यानी घोटालों का दौर बताया गया। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया, “वही ओपन वर्ल्ड, बस लूट अलग है। 2004-2014 के दौरान ये डकैतियां कोई मिशन नहीं थीं, बल्कि उनके घोषणापत्र थे।” पोस्ट के अंत में ‘रेटेड M’ के साथ ‘मैसिव स्कैम’ यानी बड़े घोटालों का जिक्र किया गया।
भाजपा गोवा ने भी जीटीए थीम पर पोस्ट किया वीडियो
भाजपा गोवा ने भी इसी थीम पर एक वीडियो साझा किया। इसके कैप्शन में पार्टी ने लिखा कि जहां जीटीए 6 एक वर्चुअल एडवेंचर का वादा करता है, वहीं गोवा में राजनीतिक विपक्ष के पास पैसे से जुड़ी अपनी ही कहानी है।
कांग्रेस ने पीएम मोदी पर कसा था तंज
दरअसल, भाजपा के इस अभियान से पहले कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीटीए 6 से जुड़ी पोस्ट पर निशाना साधा था। कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री की पोस्ट को युवाओं तक पहुंचने की हताश कोशिश बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “युवाओं तक पहुंचने की हताश कोशिश में प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया परजीटीए V और जीटीए 6 के संदर्भों का सहारा लिया है। याद रखें कि इस वीडियो गेम में एक अपराधी जोड़ी की कहानी है। कितना उपयुक्त है!






