– दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स हब; यहीं होगी APEC समिट
शेनझेन :- चीन के शेनझेन शहर में ट्रम्प, पुतिन और जिनपिंग की मीटिंग होनी है। दूसरे विश्व युद्ध के बाद यह पहली बार है जब टॉप-3 देशों के नेता एकसाथ त्रिपक्षीय बैठक करेंगे।
1970 के दशक तक शेनझेन मछुआरों का एक गांव था। 1979 में इसे शहर बनाया गया था। अगस्त 1980 में चीन का पहला स्पेशल इकोनॉमिक जोन घोषित हुआ। इसके बाद यहां उद्योग और कारोबार बढ़ा। आज शेनझेन ऊंची इमारतों और बड़ी कंपनियों वाला आधुनिक शहर बन चुका है। इसका विकास इतनी तेजी से हुआ कि यह अपने पड़ोसी हांगकांग से भी बड़ा शहर बन गया। आज यह दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स हब है।
शेनझेन से चीन की आर्थिक तरक्की को मिली नई रफ्तार
1992 में चीन के तत्कालीन राष्ट्रपति देंग शियाओपिंग ने शेनझेन का दो दिन का दौरा किया था। इस दौरे को चीन के इतिहास में ‘सदर्न टूर’ यानी दक्षिणी दौरे के नाम से जाना जाता है।
1978 में देंग ने चीन में आर्थिक सुधारों की शुरुआत की थी। इसके तहत निजी कारोबार को बढ़ावा दिया गया और विदेशी कंपनियों के लिए चीन में निवेश के रास्ते खोले गए। मकसद था कि चीन की अर्थव्यवस्था सिर्फ सरकारी नियंत्रण में न रहे, बल्कि बाजार और कारोबार को भी आगे बढ़ने का मौका मिले। लेकिन 1989 में तियानमेन चौक पर हुए आंदोलन और सरकार की कार्रवाई के बाद इन सुधारों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कम्युनिस्ट पार्टी के भीतर भी बाजार को ज्यादा आजादी देने का विरोध होने लगा। ऐसे में देंग ने शेनझेन पहुंचकर साफ संदेश दिया कि चीन को आर्थिक सुधारों के रास्ते से पीछे नहीं हटना चाहिए। विदेशी निवेश और कारोबार को बढ़ावा देने की नीति जारी रहनी चाहिए।
उनके इस दौरे के बाद चीन में आर्थिक सुधारों ने फिर रफ्तार पकड़ी। विदेशी कंपनियों का निवेश बढ़ा और चीन धीरे-धीरे दुनिया का बड़ा मैन्युफैक्चरिंग सेंटर बन गया।
शेनझेन दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों का ठिकाना
आज दुनिया की कई बड़ी कंपनियों का कारोबार शेनझेन से चलता है। एप्पल के लिए आईफोन और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन का यहां बड़ा कारखाना है। वहीं, वॉलमार्ट चीन में अपना कारोबार इसी शहर से संभालता है। चीन की कई बड़ी कंपनियों के मुख्यालय भी यहीं हैं। इनमें हुआवेई, BYD और ड्रोन बनाने वाली कंपनी DJI शामिल हैं।






