– गेमिंग के अंदाज में दिखाई भारत की विकास यात्रा, 2013 से 2026 तक अर्थव्यवस्था
– गरीबी, रेलवे, सौर ऊर्जा और इंटरनेट डेटा की कीमतों में बदलाव का किया जिक्र
नई दिल्ली :- दुनिया के चर्चित वीडियो गेम GTA-6 को लेकर सोशल मीडिया पर बढ़ते क्रेज के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस ट्रेंड का इस्तेमाल करते हुए भारत की विकास यात्रा को सामने रखा है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट साझा किया, जिसमें GTA-5 (2013) और GTA-6 (2026) के दौर की तुलना करते हुए पिछले 13 वर्षों में देश में हुए बदलावों को दर्शाया गया है।
पोस्ट में अर्थव्यवस्था से लेकर गरीबी उन्मूलन, स्वच्छता, सौर ऊर्जा, रेलवे, रक्षा निर्यात और इंटरनेट डेटा की कीमतों तक के आंकड़े पेश किए गए हैं। पोस्ट के मुताबिक, वर्ष 2013 में भारत में गरीबी का आंकड़ा 27 प्रतिशत था, जो 2026 में घटकर 2.6 प्रतिशत रह गया है। वहीं, स्वच्छता के क्षेत्र में कवरेज 39 प्रतिशत से बढ़कर 100 प्रतिशत होने का दावा किया गया है।
सौर ऊर्जा और रेलवे में प्रगति
सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की स्थापित क्षमता वर्ष 2013 के 2.82 गीगावाट से बढ़कर 175 गीगावाट होने की बात कही गई है। रेलवे विद्युतीकरण में भी बड़ी प्रगति दर्शाई गई है। पोस्ट के अनुसार, पहले करीब 20 प्रतिशत रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण हुआ था, जो अब बढ़कर 99.6 प्रतिशत हो गया है।
इंटरनेट डेटा हुआ सस्ता, स्पेस स्टार्टअप बढ़े
पोस्ट में इंटरनेट डेटा की कीमतों में आई गिरावट का भी उल्लेख है। वर्ष 2013 में एक जीबी डेटा की कीमत करीब 308 रुपये बताई गई थी, जो अब घटकर 7.10 रुपये रह गई है। इसके अलावा, भारत में 440 स्पेस स्टार्टअप होने का दावा भी किया गया है।
रक्षा निर्यात और नक्सलवाद पर भी फोकस
रक्षा क्षेत्र में भारत के बदलाव को दर्शाते हुए पोस्ट में बताया गया है कि देश पहले रक्षा उपकरणों का बड़ा आयातक था, जबकि अब 80 से अधिक देशों को रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहा है। वहीं, नक्सलवाद प्रभावित जिलों की संख्या 182 से घटकर शून्य होने का दावा किया गया है।
प्रधानमंत्री ने लोकप्रिय गेमिंग ट्रेंड के जरिए इन आंकड़ों को रोचक अंदाज में पेश किया है। सोशल मीडिया पर यह पोस्ट चर्चा का विषय बनी हुई है।






