– अंबाझरी तालाब के पास अनियंत्रित कार बैरिकेड से टकराकर नाले में गिरी
नागपुर :- अंबाझरी टी-पॉइंट से गजानन मंदिर मार्ग पर पुल के पास गुरुवार तड़के करीब 4:30 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर पुल की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जरीपटका, नागपुर निवासी कनव सहानी (29) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कनव सहानी गुरुवार तड़के कार से तेज रफ्तार में जा रहे थे। इसी दौरान वाहन पर से उनका नियंत्रण छूट गया। कार डिवाइडर से टकराने के बाद उछलकर पुल की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटनाग्रस्त कार किआ कंपनी की बताई जा रही है, जिसका पंजीयन क्रमांक एमएच 49/ सीडी 8390 है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कार में फंसे चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर दुर्घटना का मामला दर्ज किया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण छूटने के कारण हुई इस दुर्घटना से इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल, कार में कितने लोग सवार थे और मृतक की पहचान क्या है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के पीछे तेज रफ्तार, वाहन में तकनीकी खराबी या कोई अन्य कारण था, इसकी जांच पुलिस कर रही है।






