– शहर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी मुहिम,सड़कें-फुटपाथ हुए अतिक्रमणमुक्त
नागपुर :- शहर की सड़कों और फुटपाथों पर वर्षों से जगह घेरकर खड़े लावारिस, कबाड़ और नादुरुस्त वाहनों के खिलाफ नागपुर शहर ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान चलाकर शहर के अलग-अलग इलाकों से करीब 1,500 लावारिस और नादुरुस्त वाहनों को हटाया गया है। इस कार्रवाई से कई प्रमुख सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण तथा अनावश्यक अवरोधों से राहत मिली है।
दरअसल, शहर के विभिन्न इलाकों में सड़कों के किनारे, चौराहों और फुटपाथों पर लंबे समय से कबाड़ और खराब हालत में वाहन खड़े थे। इन वाहनों के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हो रहा था, वहीं, पैदल चलने वाले नागरिकों को भी फुटपाथ का इस्तेमाल करने में परेशानी हो रही थी। नागरिकों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त, यातायात, नागपुर शहर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर वर्षों से खड़े लगभग 1,500 बेवारस, स्क्रैप और नादुरुस्त वाहनों को हटाया गया। कार्रवाई के बाद कई सड़कों के किनारे और फुटपाथ खाली हो गए हैं। इससे यातायात का प्रवाह सुचारू होने के साथ ही पैदल यात्रियों को भी राहत मिली है। इस विशेष अभियान को सफल बनाने में पीएसआई गणेश जंगले, एएसआई गुरुप्रसाद त्रिपाठी व विनोद जिराफे सहित पुलिस हवलदार कपिल धांडे, सचिन जाउरकर, भास्कर पांडे, पतिराम कौरती तथा पुलिस सिपाही हर्षद वासनिक और मुंजाजी हांगे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान के दौरान नागरिकों ने भी ट्रैफिक पुलिस को सकारात्मक सहयोग दिया। पुलिस का कहना है कि शहर को यातायात की दृष्टि से अधिक सुगम, सुरक्षित और बाधामुक्त बनाने के लिए यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। नागपुर शहर की सड़कों और फुटपाथों को अड़चनमुक्त रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है।






