spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

नौकरी के नाम पर पैसों का विवाद बना हत्या की वजह

– अगवा कर युवक को पीटा, मेडिकल में तोड़ा दम, 2 गिरफ्तार

नागपुर :- नौकरी दिलाने के नाम पर लिए गए 30 हजार रुपये के विवाद में पांच आरोपियों ने मिलकर एक युवक का अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने युवक को उसके कार्यालय से अगवा कर बंधक बनाया और स्टूल, बेल्ट तथा हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की। गंभीर हालत में उसे पांजरी टोल नाके के पास छोड़कर फरार हो गए। बाद में दोबारा उसी रास्ते से गुजरने पर आरोपी उसे बेहोशी की हालत में मिले तो मेडिकल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में अकस्मात मृत्यु का मामला दर्ज करने वाली हुड़केश्वर पुलिस ने जांच के बाद हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मृतक की पहचान एसआरए कॉलोनी, उप्पलवाड़ी, नागपुर निवासी शुभम लक्ष्मण कारेमोरे (30) के रूप में हुई है। मूल रूप से भंडारा जिले के तुमसर निवासी शुभम नौकरी दिलाने, बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का एजेंट था। दिघोरी रोड पर माऊली डेयरी के पीछे उसका डीजी लोन नाम से कार्यालय था।

पुलिस के अनुसार, शुभम ने नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती से 30 हजार रुपये लिए थे। नौकरी नहीं लगने पर युवती ने इसकी जानकारी अपने मुंह बोले भाई को दी। इसी रकम को लेकर शुभम और आरोपियों के बीच विवाद शुरू हुआ। 17 नवंबर को सुबह करीब 10.15 बजे शुभम ने अपने दोस्त रोशन अरुण कापसे (26) को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के काम के बहाने कार्यालय बुलाया। वहां सचिन हाड़के, सुधांशु राकेश पाटिल, श्रवण नरेश गणवीर, नकुल और उनके एक अन्य साथी ने दोनों को जबरन अंदर खींच लिया। आरोपियों ने शुभम और रोशन के साथ हाथ-मुक्कों तथा बेल्ट से मारपीट की और उनके मोबाइल फोन व वाहन की चाबी छीन ली। आरोपियों ने शुभम से 30 हजार रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसके माता-पिता को भी फोन कर पैसे नहीं मिलने पर शुभम की हत्या करने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शुभम को कार्यालय में बंधक बनाकर रखा और रोशन को अपने साथ एक बार में ले गए। वहां रोशन के एटीएम कार्ड से 10 हजार रुपये निकलवाए गए। साथ ही डीजी लोन कार्यालय के स्कैनर पर दो हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया गया।

रात करीब 9.45 बजे आरोपियों ने रोशन को परिवार समेत जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी शुभम को कार में बैठाकर पांजरी टोल नाके की ओर ले गए। रास्ते में भी उसकी पिटाई जारी रखी गई। गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हुए शुभम को आरोपियों ने टोल नाके के पास छोड़ दिया। कुछ समय बाद उसी रास्ते से लौटने पर शुभम बेहोशी की हालत में मिला। वे उसे मेडिकल अस्पताल ले गए, जहां 18 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इधर, 18 नवंबर की सुबह रोशन शुभम के घर पहुंचा तो परिजनों ने उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी। उसकी मौत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। प्रारंभ में हुड़केश्वर पुलिस ने अकास्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया था, लेकिन जांच में अपहरण, बंधक बनाने, जबरन वसूली और मारपीट के तथ्य सामने आने पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने इस मामले में अलंकार नगर, बेसा चौक निवासी श्रवण नरेश गणवीर (21) और लॉन्गमार्च चौक, इमामवाड़ा निवासी सुधांशु राकेश पाटिल (24) को गिरफ्तार किया है। वहीं, सचिन हाड़के, नकुल और एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले की जांच हुड़केश्वर पुलिस कर रही है।

Popular Articles