नागपुर :- सीएसआईआर-राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (नीरी) के हैदराबाद क्षेत्रीय केंद्र में कार्यरत वैज्ञानिक डॉ. मेगनाथन पी. आर. का अंटार्कटिका के 46वें भारतीय वैज्ञानिक अभियान के लिए चयन हुआ है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय ध्रुवीय एवं महासागर अनुसंधान केंद्र (एनसीपीओआर) द्वारा आयोजित इस अभियान में वे 25 नवंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक हिस्सा लेंगे।
डॉ. मेगनाथन को अंटार्कटिका स्थित भारत के मैत्री अनुसंधान केंद्र में तैनात किया जाएगा। यहां वे सूक्ष्मजीवों की विविधता, नए जैव-संश्लेषण जीन समूहों और एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के प्रति उनकी प्रतिरोधक क्षमता पर शोध करेंगे। अनुसंधान के दौरान अंटार्कटिका के अत्यधिक ठंडे वातावरण में रहने वाले सूक्ष्मजीवों का अध्ययन किया जाएगा। साथ ही, जलवायु परिवर्तन के प्रति उनकी प्रतिक्रिया, कार्बन और नाइट्रोजन चक्र तथा ग्रीनहाउस गैसों के रूपांतरण में उनकी भूमिका का भी विश्लेषण होगा। इस अध्ययन से सूक्ष्मजीवों के पर्यावरणीय प्रभावों और जैवप्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके संभावित उपयोग को समझने में मदद मिलेगी। डॉ. मेगनाथन का चयन ध्रुवीय क्षेत्रों में पर्यावरण अनुसंधान के क्षेत्र में सीएसआईआर-नीरी के योगदान को भी दर्शाता है।






