spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

सूखे पर सियासत नहीं, समाधान पर बात हो!

– चर्चा के लिए बावनकुले ने रोहित पवार को दिया खुला न्योता

नागपुर :- राज्य में सूखे की स्थिति को देखते हुए सरकार हर सप्ताह समीक्षा बैठक कर रही है। चारा संकट, कर्जमाफी और माइक्रो फाइनेंस सहित किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा जारी है। विपक्ष को सूखे के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय किसानों के हित में चर्चा करनी चाहिए। विधायक रोहित पवार भी सूखा समिति की बैठक में शामिल हों। सरकार उनकी सभी मांगों पर चर्चा के लिए तैयार है। यह बात राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कही।

बावनकुले ने बताया कि जिलाधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर सूखाग्रस्त क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। रोहित पवार के प्रस्तावित मोर्चे पर उन्होंने कहा कि आंदोलन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन किसानों को भ्रमित करने के बजाय समस्याओं के समाधान पर जोर देना चाहिए। बावनकुले ने बताया कि फार्मर आईडी नहीं होने के कारण कुछ किसानों के खातों में 5 हजार रुपये की सहायता राशि जमा नहीं हो पाई है। ऐसे किसान 30 नवंबर तक फार्मर आईडी बनवा लें। राज्य में 20 से 22 लाख किसानों की फसल संबंधी जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। किसानों को ई-केवाईसी पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बहकर जाने वाला पानी किसानों के उपयोग में लाएंगे

कोयना परियोजना और अन्य जलविद्युत परियोजनाओं के साथ नदियों एवं नालों से बहकर जाने वाले पानी को रोककर उसका उपयोग किसानों के लिए करने की योजना है। सरकार इस दिशा में विभिन्न परियोजनाओं पर काम कर रही है।

इंदापुर तहसीलदार के खिलाफ होगी जांच

इंदापुर के तहसीलदार के खिलाफ मिली शिकायतों पर बावनकुले ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। आरोपों में तथ्य पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों, आम नागरिकों और विपक्ष की समस्याओं पर उचित निर्णय लेना सरकार की जिम्मेदारी है।

Popular Articles