spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

‘पुलिस कंपनी’ में फरदीन खान का दिखेगा खौफनाक अंदाज, राम गोपाल वर्मा की फिल्म से लुक लीक

मुंबई :-  अभिनेता फरदीन खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपने नए और दमदार अवतार से दर्शकों को चौंकाने की तैयारी में हैं। निर्देशक राम गोपाल वर्मा की आगामी फिल्म ‘पुलिस कंपनी’ से उनका इंटेंस लुक सामने आया है। तस्वीर में फरदीन नाक पर गुस्सा, हाथ में सिगरेट और चेहरे पर तीखे तेवर लिए नजर आ रहे हैं। उनका यह बदला हुआ अंदाज फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक इस लुक को आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया गया है।

फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि फरदीन ने अपने किरदार के लिए खुद को पूरी तरह बदल लिया है। उनके लुक से लेकर अभिनय के अंदाज तक में खास बदलाव देखने को मिलेगा। सेट पर भी उनके इस नए रूप ने पूरी टीम को प्रभावित किया है। सूत्र के मुताबिक, दर्शकों ने फरदीन को पहले कभी इस अंदाज में नहीं देखा होगा। तस्वीर सामने आने के बाद फैंस उनके किरदार को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। माना जा रहा है कि फिल्म में उनका किरदार ग्रे शेड वाला हो सकता है।

दया नायक की जिंदगी पर आधारित है फिल्म

राम गोपाल वर्मा के निर्देशन में बन रही ‘पुलिस कंपनी’ की कहानी मुंबई पुलिस के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक के जीवन से प्रेरित है। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार कर रहे हैं, जबकि हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में मुंबई पुलिस और अपराध की दुनिया से जुड़े कई दिलचस्प पहलुओं को पर्दे पर उतारने की कोशिश की जाएगी।

‘हीरामंडी’ से की थी अभिनय में वापसी

फरदीन खान ने वर्ष 2024 में संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज ‘हीरामंडी: द डायमंड बाजार’ से अभिनय की दुनिया में वापसी की थी। इसके बाद वह ‘खेल खेल में’, ‘विस्फोट’ और ‘हाउसफुल 5’ जैसी फिल्मों में नजर आए। वर्ष 2026 में रिलीज हुई फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में उन्होंने मुगल बादशाह शाहजहां की भूमिका निभाई थी।

अब ‘पुलिस कंपनी’ में उनका नया अवतार दर्शकों के लिए खास होने वाला है। राम गोपाल वर्मा और फरदीन खान की यह नई जोड़ी पर्दे पर क्या कमाल दिखाती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Popular Articles