मुंबई :- बॉक्स ऑफिस पर 27 नवंबर को दो बड़ी फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। एक तरफ आयुष्मान खुराना और शरवरी की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी, तो दूसरी तरफ इमरान हाशमी और जेनेलिया डिसूजा की ‘गनमास्टर जी9’ रिलीज होगी। रिलीज से पहले ही दोनों फिल्मों को लेकर दर्शकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि एडवांस बुकिंग में ‘ये प्रेम मोल लिया’ ने शानदार शुरुआत की है।
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी ‘ये प्रेम मोल लिया’ की एडवांस बुकिंग 24 नवंबर से शुरू हुई थी। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 नवंबर शाम पांच बजे तक फिल्म के करीब 35,006 टिकट बिक चुके थे। फिल्म को देशभर में 2,080 शोज मिले थे और इसकी ऑक्यूपेंसी करीब 7 प्रतिशत दर्ज की गई। एडवांस बुकिंग से फिल्म ने लगभग 95.06 लाख रुपये का कारोबार कर लिया था।
वहीं, इमरान हाशमी की ‘गनमास्टर जी9’ भी एडवांस बुकिंग में कड़ी टक्कर दे रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के 40 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके थे और इसकी प्री-रिलीज कमाई करीब 90 लाख रुपये पहुंच गई थी। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद है।
पहले दिन 6 से 7 करोड़ की ओपनिंग का अनुमान
आयुष्मान खुराना और शरवरी की फिल्म को शुरुआत में दर्शकों की ओर से खास प्रतिक्रिया नहीं मिली थी, लेकिन ट्रेलर रिलीज होने के बाद इसका बज बढ़ गया। फिल्म में शादीशुदा जिंदगी और पारिवारिक रिश्तों को एक अलग अंदाज में दिखाया गया है। यही वजह है कि रिलीज से पहले फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ती नजर आ रही है।
ट्रेड अनुमानों के मुताबिक, एडवांस बुकिंग और फिल्म के मौजूदा बज को देखते हुए ‘ये प्रेम मोल लिया’ पहले दिन 6 से 7 करोड़ रुपये तक की ओपनिंग कर सकती है। हालांकि, वास्तविक कमाई का पता फिल्म रिलीज होने के बाद ही चलेगा।
एडवांस बुकिंग के आंकड़े (25 नवंबर, शाम 5 बजे तक)
एडवांस बुकिंग कमाई : 95.06 लाख रुपये
बिके टिकट : 35,006
ऑक्यूपेंसी : 7 प्रतिशत
शोज : 2,080
अनुमानित ओपनिंग : 6-7 करोड़ रुपये
अब देखना दिलचस्प होगा कि सिनेमाघरों में रिलीज के बाद आयुष्मान की ‘ये प्रेम मोल लिया’ और इमरान हाशमी की ‘गनमास्टर जी9’ में से कौन-सी फिल्म दर्शकों को ज्यादा आकर्षित कर पाती है।






