spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

सोशल मीडिया से फेक न्यूज हटाना अब जरूरी

– नया कानून AI और गेमिंग कंपनियों पर भी लागू

– नियम तोड़ने पर ₹1000 करोड़ तक जुर्माना

कैनबरा :- ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने सोशल मीडिया और इंटरनेट कंपनियों के लिए नया कानून बनाया है। इसके तहत अब कंपनियों को फेक न्यूज और नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट को खुद हटाना होगा। यह नियम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), AI चैटबॉट और गेमिंग कंपनियों पर भी लागू होगा। नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर 1000 करोड़ रुपए तक जुर्माना लगाया जा सकता है। सरकार का कहना है कि इस कानून का मकसद इंटरनेट पर लोगों, खासकर बच्चों को नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट से बचाना है।

कंपनियों को पहले से खतरे रोकने होंगे

इस कानून का नाम ‘डिजिटल ड्यूटी ऑफ केयर’ है। इसके तहत कंपनियों को सिर्फ शिकायत मिलने का इंतजार नहीं करना होगा, बल्कि अपने प्लेटफॉर्म पर नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट को रोकने के लिए पहले से इंतजाम करने होंगे।

इसमें महिलाओं के खिलाफ नफरत फैलाने वाले पोस्ट, हिंसा, खतरनाक स्टंट, डीपफेक और बच्चों को नुकसान पहुंचाने वाले कंटेंट शामिल हैं। कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म के डिजाइन और एल्गोरिद्म से पैदा होने वाले खतरों को भी कम करना होगा। नए नियमों के तहत यूजर्स को यह चुनने का अधिकार भी मिलेगा कि वे सोशल मीडिया के एल्गोरिद्म से सुझाए गए पोस्ट और वीडियो देखना चाहते हैं या नहीं।

अगले साल नवंबर से लागू हो सकता है कानून

यह कानून अगले साल नवंबर में लागू हो सकता है। इसके दायरे में सोशल मीडिया, गेमिंग, AI और AI चैटबॉट बनाने वाली कंपनियां आएंगी।

नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर उनके दुनियाभर के कारोबार से होने वाली कमाई का 5% या 10.92 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक जुर्माना लगाया जा सकता है। इनमें से जो रकम ज्यादा होगी, वही जुर्माने के तौर पर वसूली जा सकेगी। हालांकि, छोटे और कम जोखिम वाले कारोबारों को इससे छूट मिल सकती है।

संचार मंत्री बोले- ऑस्ट्रेलिया के लोगों की सुरक्षा सबसे जरूरी

ऑस्ट्रेलिया की संचार मंत्री अनिका वेल्स ने इस कानून की तुलना गाड़ियों में सीट बेल्ट जरूरी करने और सिगरेट के पैकेट की पैकिंग सादी करने जैसे नियमों से की है। उनका कहना है कि इन नियमों का मकसद लोगों की सुरक्षा करना है। इसी तरह इंटरनेट कंपनियों को भी अपने प्लेटफॉर्म पर लोगों को होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी लेनी होगी। 2025 में ऑस्ट्रेलिया 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक लगाने वाला दुनिया का पहला देश बना था।

Popular Articles