– नारी शक्ति वंदन बिल रोकना महिलाओं का अपमान
नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस पर ब्लॉग लिखकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी OBC आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। संविधान निर्माता, खासकर डॉ. भीमराव आंबेडकर, इसके पूरी तरह खिलाफ थे।
मोदी ने नारी शक्ति वंदन बिल का जिक्र करते हुए लिखा कि विपक्ष के एक प्रमुख दल ने महिलाओं को आरक्षण देने के लिए लाए गए विधेयक को पारित नहीं होने दिया। इससे एक बार फिर साबित हो गया कि उस दल के मन में संवैधानिक मूल्यों के प्रति कितना कम सम्मान है।
नारीशक्ति को न्याय दिलाने का संकल्प नहीं रुकेगा
मोदी ने ब्लॉग में लिखा- इस साल के शुरू में जो हुआ, उसने हम सभी को शर्मसार कर दिया। संविधान की यात्रा उन महिलाओं को याद किए बिना पूरी नहीं हो सकती, जिन्होंने इसे बनाने में अहम भूमिका निभाई। पीएम ने लिखा- मैं देश की नारीशक्ति को भरोसा दिलाता हूं कि उन्हें न्याय दिलाने के हमारे संकल्प को दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती।
नक्सलवाद ने गरीबों को संवैधानिक अधिकारों से दूर रखा
मोदी ने नक्सलवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा- दशकों तक देश के अनेक हिस्सों में, खासकर आदिवासी क्षेत्रों में, नक्सलियों ने बंदूक के दम पर सबसे गरीब व्यक्ति को उन अधिकारों से वंचित रखा, जो हमारे संविधान ने उसे दिए हैं। इस साल नक्सलवाद के खात्मे से मुझे विशेष संतोष मिला है।
मोदी ने 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संशोधन का जिक्र किया। उन्होंने कहा- पहले संशोधन से नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता प्रभावित हुई। उस समय अंतरिम संसद ने अपने बहुमत का इस्तेमाल कर यह संशोधन किया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आपातकाल के दौरान हुए 42वें संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित की और देश की संस्थाओं के बीच शक्तियों का संतुलन बदला। मोदी ने आरोप लगाया कि तब की सरकारों ने चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 का बार-बार इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि एक राजनीतिक दल के नाम करीब 100 बार इस अनुच्छेद के इस्तेमाल का रिकॉर्ड है।






