– CtrlS लगाएगी 10 हजार करोड़
पटना :- बिहार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ा बड़ा निवेश आने वाला है। डेटा सेंटर कंपनी CtrlS ने राज्य सरकार के साथ 10,000 करोड़ रुपये के निवेश का समझौता किया है। इसके तहत पटना या आसपास के इलाके में 150 मेगावॉट क्षमता वाला AI-ready डेटा सेंटर विकसित करने की योजना है। बता दें कि इस परियोजना का संचालन 2029-30 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, इतने बड़े डेटा सेंटर को चलाने के लिए बिजली और कूलिंग की व्यवस्था करना भी बड़ी चुनौती होगी।
100 एकड़ जमीन पर बनेगा डेटा सेंटर
प्रस्तावित परियोजना के लिए करीब 100 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। कंपनी की योजना इसे 220/400 केवी सबस्टेशन के पास विकसित करने की है, ताकि बड़े स्तर पर बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। अभी इसके लिए पटना और आसपास के क्षेत्रों में उपयुक्त जगह तलाशने की योजना है।
कंपनी के अनुसार, परियोजना से करीब 400 रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। इनमें लगभग 100 नौकरियां सीधे डेटा सेंटर के संचालन से जुड़ी होंगी, जबकि 300 अवसर उन ग्राहकों के स्तर पर बनने का अनुमान है, जो इस केंद्र की सेवाओं का इस्तेमाल करेंगे।
डेटा सेंटर आखिर होता क्या है?
डेटा सेंटर को आसान भाषा में इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं का तकनीकी केंद्र कहा जा सकता है। यहां बड़ी संख्या में सर्वर रखे जाते हैं, जो वेबसाइट, मोबाइल ऐप, क्लाउड स्टोरेज और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को चलाने में मदद करते हैं। जब कोई व्यक्ति ऑनलाइन वीडियो देखता है, क्लाउड पर फोटो सेव करता है या AI चैटबॉट से सवाल पूछता है, तो उसके पीछे डेटा सेंटर के सर्वर काम कर रहे होते हैं। AI के बढ़ते इस्तेमाल के कारण ऐसे केंद्रों की मांग तेजी से बढ़ रही है। AI मॉडल को प्रशिक्षित करने और उनसे जवाब तैयार कराने के लिए सामान्य कंप्यूटर की तुलना में अधिक शक्तिशाली GPU और हाई-परफॉर्मेंस चिप की जरूरत पड़ती है।
150 MW क्षमता का मतलब कितनी बिजली?
इस परियोजना की प्रस्तावित क्षमता 150 मेगावॉट है। एक मेगावॉट में 10 लाख वॉट होते हैं। यानी 150 MW की क्षमता का मतलब 15 करोड़ वॉट है। बता दें कि अगर यह डेटा सेंटर पूरे साल लगातार अपनी पूरी क्षमता पर चलता है, तो इसकी बिजली खपत करीब 1.31 अरब यूनिट सालाना हो सकती है। यह केवल क्षमता के आधार पर निकला अनुमान है, कंपनी की घोषित वास्तविक खपत नहीं। असल बिजली की जरूरत सर्वरों की संख्या, काम के दबाव और इस्तेमाल की जाने वाली तकनीक पर निर्भर करेगी। इतनी बड़ी परियोजना को लगातार बिजली उपलब्ध कराना जरूरी होगा। इसके लिए ग्रिड कनेक्शन के साथ UPS, जनरेटर, ट्रांसफॉर्मर और बैकअप सिस्टम जैसे इंतजाम भी करने पड़ेंगे।





