spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पाकिस्तान सीमा पर पांचवां S-400 तैनात करेगा भारत

– फरवरी 2027 तक तैनाती की तैयारी, वायुसेना की टीम रूस जाकर करेगी निरीक्षण

नई दिल्ली :- भारत पाकिस्तान से लगी नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर हवाई सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत पांचवां S-400 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किया जा सकता है। जानकारी के अनुसार, भारतीय वायुसेना की एक टीम अगले महीने रूस जाकर इस सिस्टम का प्री-डिस्पैच निरीक्षण करेगी। इसे फरवरी 2027 तक तैनाती के लिए तैयार करने की योजना है।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की यह तैयारी चीन और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग को देखते हुए की जा रही है। चीन वर्ष 2027 में पाकिस्तान को J-35 पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान दे सकता है। इसके मद्देनजर भारत लंबी दूरी के हथियारों और लोइटरिंग म्यूनिशन की खरीद तथा विकास पर भी ध्यान दे रहा है। भारत इन हथियारों के माध्यम से चीन की PL-15E लंबी दूरी की मिसाइल और HQ-9BE एयर डिफेंस सिस्टम जैसी चुनौतियों का मुकाबला करने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी वायुसेना द्वारा चीनी J-10 लड़ाकू विमानों और स्वीडिश AWACS की मदद से PL-15E मिसाइलों के इस्तेमाल का भी उल्लेख किया गया है।

क्या है S-400 की खासियत?

रूस निर्मित S-400 ट्रायम्फ दुनिया के उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम में शामिल है। इसे 2007 में सेवा में शामिल किया गया था। यह लड़ाकू विमानों, ड्रोन, क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों सहित विभिन्न हवाई खतरों को रोकने के लिए बनाया गया है। इसकी लंबी दूरी तक निगरानी और एक साथ कई लक्ष्यों को निशाना बनाने की क्षमता इसे खास बनाती है।

भारत ने रूस से S-400 की पांच स्क्वाड्रन खरीदने का समझौता किया है। इनमें से चार की आपूर्ति हो चुकी है और पांचवीं की आपूर्ति तथा तैनाती की तैयारी जारी है। इन प्रणालियों को देश की अलग-अलग रणनीतिक सीमाओं पर तैनात किया जा रहा है।

Popular Articles