– एग्रोविजन 2026 एवं जल सम्मेलन का शुभारंभ, 2027 तक 5 हजार किसान AI तकनीक से जुड़ेंगे
नागपुर :- खेती को केवल अन्न उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय किसानों को ऊर्जा, ईंधन और हाइड्रोजन उत्पादन से जोड़ने की जरूरत है। साथ ही पानी की एक-एक बूंद का संरक्षण कर उसका उचित नियोजन करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। घर का पानी घर में, खेत का पानी खेत में और गांव की बारिश का पानी उसी गांव में संग्रहित होना चाहिए। यह बात केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को एग्रोविजन 2026 एवं जल सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर कही।
अमरावती रोड स्थित राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित मध्य भारत की इस प्रमुख कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन गडकरी की अध्यक्षता में हुआ। उन्होंने कहा कि सिंचाई की कमी, कपास की बढ़ती उत्पादन लागत और किसानों की आर्थिक समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से 17 वर्ष पहले एग्रोविजन की शुरुआत की गई थी। आज यह पहल किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और नए प्रयोगों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बन गई है।
गडकरी ने खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने लक्ष्य रखा कि अगले एग्रोविजन से पहले कम से कम 5 हजार किसानों तक एआई तकनीक पहुंचाई जाए। उन्होंने महाराष्ट्र के मृदा एवं जलसंधारण मंत्री संजय राठौड़ की मांग पर नदियों से गाद निकालकर बिना रॉयल्टी सड़क निर्माण में उपयोग करने के लिए बिहार की तर्ज पर महाराष्ट्र सरकार के साथ भी समझौता करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर गन्ने की खेती एवं प्रसंस्करण पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
जल संरक्षण में किसानों की भागीदारी जरूरी : राठौड़
महाराष्ट्र के मृदा एवं जलसंधारण मंत्री संजय राठौड़ ने जल सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कहा कि कृषि का भविष्य बेहतर बनाने के लिए जल संरक्षण और नए प्रयोगों को प्राथमिकता देनी होगी। सरकार द्वारा बनाए गए बांधों की उचित देखभाल नहीं होने से उनकी जल संग्रहण क्षमता कम हो जाती है। इसलिए किसानों को भी बांधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी उठानी चाहिए।
किसान संरक्षण आयोग बनाने की मांग : मुनगंटीवार
पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने एग्रोविजन की 17 वर्षों की यात्रा की सराहना करते हुए किसानों के साथ होने वाली धोखाधड़ी रोकने के लिए किसान संरक्षण आयोग स्थापित करने की मांग की। उन्होंने किसानों की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए फास्ट ट्रैक अदालतें बनाने की आवश्यकता भी जताई। जल संरक्षण के क्षेत्र में गडकरी के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने उन्हें आधुनिक भगीरथ कहा।
एग्रोविजन किसानों की प्रगति का इंजन : आशीष जायसवाल
कृषि राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने कहा कि एग्रोविजन किसानों की प्रगति का इंजन साबित हुआ है। इस पहल ने किसानों के बीच सकारात्मक सोच विकसित करने का काम किया है। उन्होंने तामसवाड़ा मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जल संरक्षण के कार्यों को नई प्रेरणा मिली है। राज्य में बड़े पैमाने पर नाला गहरीकरण और जलसंधारण के कार्य किए जा रहे हैं। तिरपाल से बनाए गए अस्थायी बांधों के प्रयोग से गेहूं की फसल को भी लाभ हुआ है।
कार्यक्रम में आईसीआरआईसैट के महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक, डॉ. पंजाबराव देशमुख कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. शरद गडाख, राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय एवं माफसू की कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर, एग्रोविजन सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. सी. डी. मायी, आयोजन सचिव रवि बोरटकर, रमेश मानकर सहित पूर्व सांसद कृपाल तुमाने, विधायक डॉ. राजीव पोतदार, संजय भेंडे, परिणय फुके, चरण सिंह ठाकुर और संजय मेश्राम समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
चार दिवसीय एग्रोविजन 2026 का आयोजन ‘सूखे का सामना : जल प्रबंधन और फसल नियोजन’ विषय पर किया जा रहा है। 30 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, नई तकनीकों, जल प्रबंधन और उन्नत खेती के तरीकों की जानकारी दी जा रही है।






