– 16 बड़े प्रकल्पों का होगा कायाकल्प, कॉटन मार्केट से अजनी जेल तक विकास की तैयारी
नागपुर :- नागपुर के पुराने बाजारों, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों को आधुनिक स्वरूप देने के लिए महानगरपालिका ने बड़े विकास की तैयारी शुरू कर दी है। शहर के 16 प्रमुख प्रकल्पों के पुनर्विकास के जरिए नागपुर की तस्वीर बदलने की योजना है। इसके लिए करीब 40 हजार करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। निजी निवेशकों की भागीदारी से इन परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से 30 नवंबर को पहली बार ‘राइजिंग नागपुर-इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट मीट-2026’ का आयोजन किया जा रहा है।
होटल रेडिसन ब्लू में शाम 4 बजे आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में नागपुर के विकास का खाका निवेशकों के सामने रखा जाएगा। महाराष्ट्र राज्य बुनियादी ढांचा विकास महामंडल (एमएसआईडीसी), नागपुर महानगरपालिका और नागपुर महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एनएमआरडीए) संयुक्त रूप से इस आयोजन को कर रहे हैं। गुरुवार को मनपा मुख्यालय के स्थायी समिति सभागृह में आयोजित पत्रकार परिषद में महापौर नीता ठाकरे, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर और एमएसआईडीसी के सीएमडी डॉ. बृजेश दीक्षित ने सम्मेलन की जानकारी दी। महापौर ठाकरे ने कहा कि नागपुर तेजी से विकसित हो रहा है। ऐसे में शहर की सार्वजनिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को भी आधुनिक स्वरूप देना जरूरी है। इसके लिए निजी निवेशकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पीपीपी, बीओटी और डीबीएफओटी जैसे मॉडलों के माध्यम से निजी कंपनियों को विकास परियोजनाओं से जोड़ा जाएगा।
मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने बताया कि मुंबई और पुणे में बड़े प्रकल्प विकसित करने वाले प्रतिष्ठित डेवलपर्स को नागपुर में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। वहीं, डॉ. बृजेश दीक्षित ने कहा कि शहर में आधुनिक शहरी और व्यावसायिक सुविधाओं के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। इस सम्मेलन के माध्यम से सरकारी एजेंसियों, डेवलपर्स, निवेशकों और वित्तीय संस्थाओं को एक मंच पर लाया जाएगा।
इन 16 परियोजनाओं पर रहेगा फोकस
योजना के तहत शहर के दशकों पुराने आठ प्रमुख बाजारों का पुनर्विकास कर उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी है। इनमें कॉटन मार्केट और संत्रा मार्केट प्रमुख हैं। इसके अलावा गणेशपेठ बस स्टैंड, मोर भवन और यशवंत स्टेडियम के विकास की योजना भी शामिल है।
अजनी स्थित मौजूदा केंद्रीय कारागृह की जमीन पर सेंट्रल पार्क विकसित करने का प्रस्ताव निवेशकों के सामने रखा जाएगा। अंबाझरी तालाब परिसर, काछीपुरा की जमीन का पुनर्विकास, अजनी इंटर मॉडल स्टेशन और ‘नया नागपुर’ जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को भी इस योजना में शामिल किया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि निवेश सम्मेलन के माध्यम से निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ेगी और शहर की वर्षों पुरानी बुनियादी सुविधाओं को आधुनिक बनाने का रास्ता खुलेगा। इससे नागपुर के शहरी विकास को नई गति मिलने की संभावना है।






