– इंस्टाग्राम पर अश्लील और मानहानिकारक पोस्ट करने का आरोप
नागपुर :- महाराष्ट्र राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अश्लील, आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां करने के मामले में नागपुर साइबर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इस संबंध में पूर्व विदर्भ युवा सेना (शिवसेना) के समन्वयक मिश्रा मैनशन, रजत विहार, मेकोसाबाग, कड़बी चौक निवासी रोहित रमेश मिश्रा (38) ने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के सोशल मीडिया अकाउंट पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डॉ. श्रीकांत शिंदे की तस्वीरें पोस्ट की गई थीं। इन तस्वीरों के नीचे आठ अलग-अलग इंस्टाग्राम अकाउंट से कथित तौर पर अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियां की गईं। आरोप है कि इन टिप्पणियों में दोनों नेताओं पर 500 करोड़ रुपये की चोरी जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की सामग्री प्रसारित कर नेताओं की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नागपुर साइबर पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






