spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

ढहा 100 साल पुराना मकान, एक ही परिवार के 6 की मौत

– प्रतापगढ़ में भारी बारिश,एक कमरे में सो रहा था पूरा परिवार, एक युवक घायल

प्रतापगढ़ :- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली नहर के पास करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मकान के एक कमरे में सो रहे एक ही परिवार के सात लोग मलबे में दब गए। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 वर्षीय अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, प्रमोद श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ महुली नहर के पास स्थित इस पुराने मकान में रहते थे। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही थी। बुधवार रात एसी लगे एक कमरे में परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे अचानक मकान की छत और अन्य हिस्सा भरभराकर गिर गया। देखते ही देखते पूरा परिवार मलबे में दब गया।

मलबा हटाकर निकाले गए सभी लोग :

मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाना शुरू किया। सूचना मिलने पर सीओ सिटी आशुतोष मिश्र, फायर ब्रिगेड की टीम और भारी पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। रेस्क्यू के बाद मलबे से प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी, बेटे-बहू और दो बच्चों समेत सात लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रमोद श्रीवास्तव का 28 वर्षीय बेटा अमन घायल मिला। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

सीएम योगी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही घायल का समुचित उपचार कराने और मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.