शिक्षकों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा,सर्पमित्र ने किया रेस्क्यू
नागपुर/हिंगना :- अष्टविनायक एम्पायर, वानाडोंगरी स्थित लिटल एंजल स्कूल में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यार्थियों के कक्षा में बैठे होने के दौरान अचानक एक सांप भीतर घुस आया। सांप दिखाई देते ही विद्यार्थियों में डर का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थिति को देखते हुए शिक्षकों ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से कक्षा से बाहर निकाल लिया। इसके बाद सर्पमित्र आकाश मेश्राम को सूचना दी गई। सांप कक्षा के एक कोने में छिपा हुआ था। सूचना मिलते ही सर्पमित्र आकाश मेश्राम स्कूल पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ लिया। सर्पमित्र मेश्राम के अनुसार, पकड़ा गया सांप बिन विषैला धामन था। उन्होंने सांप को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक अधिवास में छोड़ दिया। मेश्राम ने बताया कि शिक्षकों द्वारा समय रहते दिखाई गई सतर्कता और प्रसंगावधान के कारण किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। उन्होंने स्कूल प्रशासन से परिसर में जमा कचरे की नियमित सफाई कराने तथा खिड़कियों पर जालियां लगाने की अपील की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





