– जिलाधिकारी से तत्काल कार्रवाई की मांग, सौंपा सामूहिक ज्ञापन
देवेन्द्र दमाहे,गोंदिया :- ग्राम पंचायत घोटी के वार्ड क्रमांक 1 अंतर्गत गहेलाटोला-जानाटोला में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोलते हुए 22 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी गोंदिया को सामूहिक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने अवैध शराब बिक्री तत्काल बंद कराने तथा संबंधितों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इससे पूर्व 20 सितंबर को भंगाराम चौक, गहेलाटोला में विशेष सभा आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभा में गांव में अवैध शराब बिक्री बंद कराने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। दारूबंदी समिति, सम्राट महिला ग्रामसंघ, तंटामुक्त समिति, पुलिस पाटिल एवं ग्राम वासियों ने कहा कि अवैध शराब के कारण सामाजिक वातावरण प्रभावित होने के साथ परिवारों एवं युवाओं पर विपरीत असर पड़ सकता है। प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर गांव में प्रभावी शराबबंदी लागू करने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपते समय शराबबंदी समिति अध्यक्ष मिता लिखीराम बावने, उपाध्यक्ष पूर्णिमा जितेंद्र वैद्य, सचिव अल्का रामेश्वर कटरे, पुलिस पाटिल वर्षा खेमराज गौतम तथा तंटामुक्ति समिति अध्यक्ष कोमेंद्र कुवरलाल टेंभरे सहित समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही। ज्ञापन की प्रतियां पुलिस अधीक्षक गोंदिया, तहसीलदार गोरेगांव, थानेदार गोरेगांव तथा ग्राम पंचायत अधिकारी घोटी को भी भेजी गई हैं।





