spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

अब चेहरे से मिलेगी एयरपोर्ट में एंट्री

– नागपुर हवाईअड्डे पर डिजी यात्रा की नई सुविधा, ‘फेस रिकग्निशन’ से प्रवेश होगा आसान

नागपुर :- डॉ.बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर डिजी यात्रा सुविधा में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब डिजी यात्रा के लिए पंजीकृत यात्रियों को प्रवेश द्वार पर बोर्डिंग पास स्कैन करने की जरूरत नहीं होगी। यात्री केवल कैमरे के सामने अपना चेहरा दिखाकर सीधे एयरपोर्ट में प्रवेश कर सकेंगे।

एमआर नागपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (जीएमआर) ने एयरपोर्ट के सभी डिजी यात्रा-सक्षम प्रवेश द्वारों पर ‘सिंगल-स्टेप फेस रिकग्निशन’ तकनीक शुरू की है। इससे प्रवेश प्रक्रिया का एक चरण कम हो गया है और यात्रियों को अधिक तेज, सुविधाजनक तथा संपर्क रहित अनुभव मिलने की उम्मीद है।

क्या है डिजी यात्रा?

डिजी यात्रा विमानतल पर डिजिटल पहचान और चेहरे की पहचान तकनीक के माध्यम से यात्रियों की पहचान सत्यापित करने वाली सुविधा है। इसके लिए यात्री को पहले डिजी यात्रा ऐप पर पंजीकरण करना होता है। आवश्यक पहचान संबंधी जानकारी देने के बाद चेहरे का प्रमाणीकरण किया जाता है। इसके बाद संबंधित उड़ान का बोर्डिंग पास डिजी यात्रा ऐप से लिंक करना होता है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिजी यात्रा-सक्षम प्रवेश द्वार पर मोबाइल में बोर्डिंग पास दिखाने या उसे स्कैन करने की आवश्यकता नहीं रहती। चेहरे की पहचान प्रणाली के जरिए यात्री की पहचान सत्यापित की जाती है।

अब एक ही चरण में होगी पहचान:

‘सिंगल-स्टेप फेस रिकग्निशन’ के तहत यात्री जैसे ही डिजी यात्रा-सक्षम प्रवेश द्वार पर पहुंचेगा, कैमरा उसके चेहरे की पहचान करेगा। पहचान सत्यापित होते ही प्रवेश द्वार अपने आप खुल जाएगा। पहले जहां बोर्डिंग पास स्कैन करने के बाद फेस रिकग्निशन की प्रक्रिया होती थी, वहीं अब बोर्डिंग पास स्कैन करने का चरण हटा दिया गया है।

भीड़ के समय प्रक्रिया होगी आसान:

नई व्यवस्था से प्रवेश प्रक्रिया में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है। विशेष रूप से व्यस्त समय में डिजी यात्रा-सक्षम प्रवेश द्वारों पर यात्रियों की आवाजाही अधिक सुचारू हो सकती है। साथ ही, सत्यापन प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम करने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नागपुर एयरपोर्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीकांत भांडारकर ने बताया कि यात्रियों के अनुभव को अधिक सुविधाजनक बनाना एयरपोर्ट की प्राथमिकताओं में शामिल है। ‘सिंगल-स्टेप फेस रिकग्निशन’ से यात्रा प्रक्रिया को तेज, सुविधाजनक और संपर्क रहित बनाने में मदद मिलेगी। यह पहल तकनीक के माध्यम से यात्री सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के जीएमआर एयरपोर्ट्स के प्रयासों का हिस्सा है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.