spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

अब ट्रैफिक पुलिस की कमर पर भी होगी सर्विस रिवॉल्वर

– नागपुर पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल का बड़ा फैसला

नागपुर :- शहर में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नागपुर पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने अहम निर्णय लिया है। अब शहर के प्रमुख चौराहों, नाकाबंदी स्थल, विशेष जांच अभियान और यातायात नियंत्रण की ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए ड्यूटी के दौरान सर्विस रिवॉल्वर साथ रखना अनिवार्य कर दिया गया है। इस संबंध में गुरुवार को वायरलेस के माध्यम से निर्देश जारी किए गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाकाबंदी और वाहन जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस का अक्सर अपराधियों, संदिग्धों और नियम तोड़ने वालों से सामना होता है। कई मामलों में पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, विरोध और जानलेवा हमले जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस को आत्मरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सर्विस रिवॉल्वर रखने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि, इससे दो दिन पहले ही पुलिस आयुक्त ने ट्रैफिक शाखा के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान ‘नीट एंड क्लीन’ रहने, साफ-सुथरी वर्दी पहनने, अनुशासित व्यवहार रखने और आम नागरिकों से शालीनता के साथ पेश आने के निर्देश दिए थे। अब सुरक्षा के लिहाज से सर्विस रिवॉल्वर अनिवार्य किए जाने के बाद माना जा रहा है कि ट्रैफिक शाखा की कार्यप्रणाली और अधिक अनुशासित तथा प्रभावी होगी। शहर के प्रमुख चौराहों, नाकाबंदी और विशेष बंदोबस्त के दौरान इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा।

वरिष्ठ अधिकारियों को भी दिए गए हैं निर्देश

सूत्रों के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिस के अलावा दो दिन पहले ही पुलिस आयुक्त ने शहर के सभी पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों (पीआई) को भी ड्यूटी के दौरान सर्विस रिवॉल्वर साथ रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग का मानना है कि इससे पुलिसकर्मियों की सुरक्षा मजबूत होगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.