– यातायात बाधित करने वालों पर मनपा और पुलिस का संयुक्त अभियान
नागपुर :- धंतोली, वीसीए, राजा-रानी चौक और वीएनआईटी परिसर में यातायात में बाधा डालने वाले अतिक्रमण के खिलाफ महानगरपालिका (मनपा) और पुलिस विभाग ने शुक्रवार को संयुक्त अभियान चलाया। धरमपेठ और लक्ष्मीनगर जोन के अंतर्गत सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान धंतोली क्षेत्र की सड़कों के साथ अस्पतालों और क्लीनिकों के आसपास सार्वजनिक मार्ग पर रखा गया बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया। अधिकारियों ने संबंधितों को सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर सामान रखकर यातायात बाधित न करने की चेतावनी भी दी। यह कार्रवाई मनपा आयुक्त, पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त (यातायात) के मार्गदर्शन में की गई।
अतिक्रमण करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
मनपा प्रशासन ने नागरिकों, व्यापारियों, दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से सड़क या सार्वजनिक स्थान पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। यातायात मार्गों पर अतिक्रमण पाए जाने पर सामान जब्त कर उसे हटाया जाएगा। साथ ही लागू कानूनी प्रावधानों के तहत संबंधितों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
मनपा के अनुसार, धंतोली, वीसीए, राजा-रानी चौक और वीएनआईटी परिसर की सड़कों व सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। धरमपेठ और लक्ष्मीनगर जोन प्रशासन ने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है।





