spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

AI करेगा वन्यजीवों की पहरेदारी

– पिपरिया-सिल्लारी में स्मार्ट निगरानी प्रणाली का राज्यमंत्री ने लिया जायजा

नागपुर :- महाराष्ट्र के राज्यमंत्री एवं रामटेक विधायक आशीष जायसवाल तथा नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार ने रविवार को पिपरिया, सिल्लारी और पेंच वन क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित निगरानी कैमरों का निरीक्षण किया। ये कैमरे नागपुर ग्रामीण पुलिस की डैटम्स (डेटा-ड्रिवन रिस्पॉन्स एंड विजिलेंस इंटेलिजेंस मैनेजमेंट सिस्टम) परियोजना के तहत लगाए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार ने राज्यमंत्री को परियोजना की कार्यप्रणाली की जानकारी दी और एआई कैमरों का लाइव प्रदर्शन भी किया। उन्होंने बताया कि इन कैमरों की मदद से वन क्षेत्र के आसपास वन्यजीवों की गतिविधियों का समय रहते पता चल जाता है, जिससे ग्रामीणों को तुरंत अलर्ट भेजा जा सकता है। इस तकनीक के उपयोग से मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। साथ ही यह पहल स्थानीय लोगों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

राज्यमंत्री जायसवाल ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक का उपयोग नागरिकों की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण, दोनों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने इस दिशा में नागपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान वन विभाग के अधिकारी, देवलापार थाना प्रभारी नारायण तुरकुंडे, डैटम्स परियोजना के अधिकारी साईकृष्ण बुडामगुंटा, पिपरिया और सिल्लारी के सरपंच तथा स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित थे।

Popular Articles