– रोजगार सुरक्षा और श्रमिक अधिकारों को लेकर धरना प्रदर्शन
नागपुर :- नागपुर के मिहान स्थित एआईईएसएल स्टेशन पर एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग स्टाफ और तकनीशियनों का आंदोलन अब सातवें दिन में पहुंच गया है। रोजगार सुरक्षा, श्रमिक अधिकारों और लंबित मांगों को लेकर कर्मचारी लगातार धरने पर बैठे हैं। लेकिन आरोप है कि प्रबंधन अब भी पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।
नागपुर स्थित एआईईएसएल स्टेशन पर एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग स्टाफ और तकनीशियनों का शांतिपूर्ण आंदोलन लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारी रोजगार सुरक्षा, श्रमिक अधिकारों और अपनी लंबित मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद एआईईएसएल प्रबंधन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
कर्मचारियों ने दावा किया कि प्रबंधन अब संवेदनशील एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस कार्यों को थर्ड पार्टी मैनपावर, अप्रशिक्षित कर्मचारियों और अनुभवहीन लोगों के जरिए करवाने की कोशिश कर रहा है। इतना ही नहीं, कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी दोबारा ऑपरेशनल कार्यों में लगाया जा रहा है, जबकि वे लंबे समय से सक्रिय मेंटेनेंस कार्य से दूर हैं।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि यह मामला केवल कर्मचारियों के अधिकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि सीधे तौर पर एविएशन सेफ्टी और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। उनका कहना है कि एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस बेहद तकनीकी और संवेदनशील जिम्मेदारी होती है, जिसमें अनुभवी और प्रशिक्षित स्टाफ की आवश्यकता होती है।
इधर, डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर (सेंट्रल) नागपुर कार्यालय ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए एआईईएसएल प्रबंधन को पत्र जारी किया है। कर्मचारियों का आरोप है कि नोटिस पीरियड पूरा करने के बावजूद कई तकनीशियनों को रिलीव नहीं किया जा रहा है। हालांकि, कर्मचारियों ने साफ किया है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है। उन्होंने केंद्र सरकार, नागरिक उड्डयन मंत्रालय और तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है, ताकि एविएशन सेफ्टी से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।