spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

हिट वेव के बीच नागपुर बिजली कटौती ने छीनी रातों की नींद

– 46 डिग्री की मार, ऊपर से अंधेरे का वार

 नागपुर :- उपराजधानी भीषण गर्मी की आग में झुलस रही है..शहर का तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है. तेज धूप, लू के थपेड़े और तपती हवाओं ने नागरिकों का हाल बेहाल कर दिया है. ऊपर से बेमौसम और लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं. बिजली आपूर्ति बार-बार ठप होने से शहरवासी गर्मी और उमस के बीच त्राहिमाम कर रहे हैं.

मौजूदा समय में उपराजधानी नागपुर भीषण हिट वेव की चपेट में है. शहर का तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है. तेज धूप, गर्म हवाओं और झुलसा देने वाली गर्मी के कारण दोपहर में सडक़ें सूनी नजर आ रही हैं. लोग जरूरी काम के बिना घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं. लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं. दिन हो या रात, किसी भी समय बिजली गुल हो रही है और घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पा रही.

शनिवार रात दाभा और वाडी परिसर में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति ठप रही. नागरिक महावितरण और बिजली विभाग को लगातार फोन और संदेश करते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. हालात ऐसे रहे कि लोगों को पूरी रात भीषण गर्मी में जागकर बितानी पड़ी. सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ी. बच्चे न ठीक से सो पा रहे थे और न ही गर्मी सहन कर पा रहे थे.

वहीं, दोपहर के समय वाडी, जयताला, त्रिमूर्ति नगर समेत कई इलाकों में भी बिजली गायब रही. सबसे ज्यादा दिक्कत वाडी क्षेत्र में देखने को मिली, जहां करीब तीन घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी. इसके अलावा गोरेवाड़ा और झिंगाबाई टाकली जैसे इलाकों से भी रात में लगातार बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं.

Popular Articles