– आज ‘प्रतीकात्मक शवयात्रा’ आंदोलन
गढ़चिरोली :- सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) क्रमांक-2 के कार्यकारी अभियंता सुरेश साखरवाडे पर विभिन्न विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई, निलंबन तथा गढ़चिरोली जिले से हटाने की मांग को लेकर 3 जून 2026 को प्रतीकात्मक शवयात्रा आंदोलन आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला नियोजन समिति के पूर्व सदस्य अरविंदभाऊ कात्रटवार ने दी है। कात्रटवार ने बताया कि बुधवार, 3 जून को सुबह 11 बजे लाझेंडा स्थित सार्वजनिक निर्माण विभाग क्रमांक-2 कार्यालय के समक्ष यह आंदोलन किया जाएगा। अरविंदभाऊ कात्रटवार मित्र परिवार के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में नागरिकों को शामिल होने का आह्वान किया गया है। जारी बयान में अरविंदभाऊ कात्रटवार ने कहा कि कार्यकारी अभियंता सुरेश साखरवाडे के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार को लेकर पहले भी विभिन्न स्तरों पर शिकायतें की गई थीं। इसके अलावा 25 मई 2026 को अधीक्षक अभियंता कार्यालय के सामने ‘डफरे बजाओ’ आंदोलन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास भी किया गया था। उन्होंने कहा कि शिकायतों और आंदोलनों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण प्रतीकात्मक शवयात्रा आंदोलन का निर्णय लिया गया है। कात्रटवार ने आरोप लगाया कि कोरची तहसील के नाडेकल-बेतकाठी मार्ग पर खोब्रागड़ी नदी पर लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल यातायात शुरू होने से पहले ही ढह गया। उनका दावा है कि पुल निर्माण में घटिया गुणवत्ता का काम किया गया और इस परियोजना में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हुई। उन्होंने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।








