– एक दिन में 1.97 लाख यात्रियों ने किया सफर
नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका की ‘आपली बस’ सेवा ने 6 जुलाई को एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए एक ही दिन में 1,97,096 यात्रियों को सफर कराया। इसी दिन 35,547 यात्रियों ने यूपीआई के माध्यम से टिकट खरीदकर डिजिटल टिकटिंग का भी नया रिकॉर्ड बनाया।
महानगरपालिका अधिकारियों के अनुसार, बेहतर परिवहन सेवाओं, बसों की संख्या में वृद्धि और डिजिटल टिकटिंग की बढ़ती लोकप्रियता के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है।
वर्तमान में ‘आपली बस’ की 730 बसें शहर के 9 डिपो से प्रतिदिन संचालित होती हैं। यात्रियों की सुविधा और तेज़ आवागमन के लिए एनएमसी ने पांच प्रमुख मार्गों पर सुपर-फास्ट एक्सप्रेस बस सेवा शुरू की है। इनमें आपली बस टर्मिनल–टाकलगाट, सीताबर्डी–पारशिवनी फाटा, आपली बस टर्मिनल–टेकड़ी बस स्टॉप, सीताबर्डी–डॉ. बाबासाहब आंबेडकर चौक तथा आपली बस टर्मिनल–ब्रह्मणी फाटा टर्मिनल शामिल हैं। ये बस सेवाएं प्रतिदिन सुबह 5.30 बजे से रात 9.30 बजे तक संचालित होती हैं और लगभग हर 30 मिनट में उपलब्ध रहती हैं।
यात्री ‘चलो’ मोबाइल ऐप के माध्यम से बसों की लाइव लोकेशन, आगमन का समय, डिजिटल टिकट बुकिंग और यात्रा की योजना जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। महानगरपालिका अधिकारियों ने बताया कि परिवहन समिति की सभापति मंगला खेकरे के मार्गदर्शन में यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी बेहतर कनेक्टिविटी, तेज़ और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।




