– सीसीटीवी और गुप्त सूचना से पुलिस ने दबोचा
नागपुर :- सीताबर्डी पुलिस ने महाराजबाग परिसर में हुई जबरी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बातचीत के बहाने एक डॉक्टर के पास पहुंचकर उसके गले से सोने की चेन झपट ली थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई चेन भी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रधान लेआउट, गोपालनगर, नागपुर निवासी रोहित संतोष होरे (32) मेओ अस्पताल में जनरल सर्जन है। 1 नवंबर को शाम करीब 4 बजे मेयो अस्पताल के अतिदक्षता विभाग में अपनी ड्यूटी पूरी कर दोपहिया वाहन से महाराजबाग परिसर के मुख्य मार्ग से जा रहे थे। इसी दौरान फोन आने पर वे सड़क किनारे रुककर बात करने लगे। तभी करीब 26 वर्षीय एक युवक उनके पास आया और बातचीत करने के बहाने उनके गले में पहनी 8 ग्राम वजन की सोने की चेन, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये थी, झपटकर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर सीताबर्डी पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सबूतों और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली। साथ ही गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर जाल बिछाया और अंबाझरी, नागपुर निवासी आकाश उर्फ बोनीराजा बदलानी (26) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त अन्नपूर्णा सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त सुनील सिंह पवार तथा वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुहास राऊत के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक मनीष कोल्हटकर, श्याम वारंगे और पुलिस कर्मचारियों की टीम ने की।








