– अब छत्रपति शिवाजी महाराज चौक के नाम से होगी पहचान
नागपुर :- बेसा-पिपला नगर पंचायत क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों के चलते क्षेत्र का स्वरूप लगातार बदल रहा है। नगर पंचायत क्षेत्र की आबादी एक लाख से अधिक हो चुकी है। आबादी बढ़ने के साथ वाहनों की संख्या में भी इजाफा हुआ है, जिसके कारण बेसा चौक पर लगातार यातायात जाम की समस्या बनी रहती थी। अब चौक के आसपास से अतिक्रमण हटाकर विस्तार और सड़क व्यवस्था में सुधार किए जाने से यातायात व्यवस्था में काफी राहत मिली है।
बेसा चौक को अब छत्रपति शिवाजी महाराज चौक नाम देने का प्रस्ताव नगर पंचायत में पारित हो चुका है। इसके साथ ही चौक के सौंदर्यीकरण का काम भी शुरू किया जा रहा है। भविष्य में यहां छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की योजना है। नगर पंचायत के मुख्याधिकारी भारत नंदनवार ने पदभार संभालने के बाद क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर उन्हें अमल में लाना शुरू किया। इनमें सड़क निर्माण व मरम्मत, श्मशान भूमि का विकास, उद्यान निर्माण, हाईमास्ट, सजावटी रोशनी, धार्मिक स्थलों के आसपास विकास कार्य, कचरा संकलन तथा गीले और सूखे कचरे को अलग करने जैसी योजनाएं शामिल हैं।
नगराध्यक्ष कीर्ति बडोले, उपाध्यक्ष नरेश भोयर, निर्माण सभापति मुकेश काले, स्वच्छता सभापति जितेंद्र चांदुरकर, जलापूर्ति एवं जलनिस्सारण सभापति सुनील सोनटक्के सहित सभी सभापति और नगरसेवकों के सहयोग से चौक के आसपास का अतिक्रमण हटाने के साथ ही चौक की चौड़ाई बढ़ाकर सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। नगर रचना अभियंता अभिजीत हांडे और अभियंता तुषार सेलवट ने बताया कि बेसा चौक से सीताबाई घाट तक सड़क के बीच डिवाइडर बनाने, सजावटी रोशनी लगाने तथा सड़क किनारे गट्टू लगाने की योजना पर काम शुरू किया गया है।
बेसा चौक हुआ गड्ढामुक्त : बडोले
बेसा-पिपला नगर पंचायत की नगराध्यक्ष कीर्ति बडोले ने बताया कि बेसा चौक को गड्ढामुक्त कर दिया गया है। केवल चौक ही नहीं, बल्कि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के मार्गदर्शन में क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य शुरू हैं। जल्द ही बेसा चौक के सौंदर्यीकरण का काम भी पूरा किया जाएगा।
हर चौक को मिलेगी अलग पहचान : नंदनवार
नगर पंचायत के मुख्याधिकारी भारत नंदनवार ने बताया कि बेसा नगर पंचायत क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर स्थित चौराहों को अलग पहचान देने की योजना है। बेसा चौक शहर का महत्वपूर्ण चौराहा होने के कारण इसका नाम छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर रखने का प्रस्ताव पारित किया गया है। नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक प्रमुख चौराहे को यातायात की दृष्टि से सुविधाजनक और व्यवस्थित रूप से विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।





