– तेज बहाव में डूबे 6 दोस्तों में से 4 को सुरक्षित निकाला, 2 अभी भी लापता
लखनऊ :- उत्तर प्रदेश के अमरोहा और बुलंदशहर की सीमा पर स्थित गंगा घाट में मंगलवार को स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने गए 6 युवकों में से 2 युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए, जबकि 4 अन्य को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया, जो देर शाम तक जारी रहा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के डांके वाली गांव निवासी 6 युवक मंगलवार को मोटरसाइकिलों से गंगा स्नान के लिए निकले थे। सभी युवक रहरा थाना क्षेत्र के गंगानगर गांव के निकट बुलंदशहर सीमा में स्थित गंगा घाट पर पहुंचे और नदी में स्नान करने लगे। इस दौरान स्नान करते समय छतर सिंह का पुत्र जसपाल (18) तथा हरपाल का पुत्र मनोज (19) अचानक गहरे पानी की ओर चले गए। गंगा में तेज बहाव होने के कारण दोनों युवक संतुलन खो बैठे और डूबने लगे। उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ ही क्षणों में दोनों युवक नदी की धारा में लापता हो गए। घटना को देखकर उनके साथ मौजूद अन्य युवकों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से 4 युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि जसपाल और मनोज का कोई सुराग नहीं लग सका।
हादसे की सूचना मिलते ही रहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों युवकों के परिजन भी गंगा घाट पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम को भी तलाश अभियान में लगाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। देर शाम तक चले सघन तलाशी अभियान के बावजूद दोनों युवकों का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान को अस्थाई रूप से रोक दिया गया, जिसे बुधवार सुबह पुन: शुरू किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से गंगा और अन्य नदियों में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है।







