– मिसेज यूनाइटेड नेशंस 2026 और मिसेज यूनाइटेड नेशंस अर्थ से सम्मानित
नागपुर :- शहर की डॉ. श्रुति नीरज सवालाखे ने नई दिल्ली के रोहिणी स्थित क्राउन प्लाजा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य एवं व्यक्तित्व प्रतियोगिता में दो खिताब अपने नाम किए। उन्हें मिसेज यूनाइटेड नेशंस 2026 की विजेता घोषित किया गया। साथ ही उन्होंने मिसेज यूनाइटेड नेशंस अर्थ का खिताब भी हासिल किया।
डॉ. श्रुति डेंटल सर्जन और कॉस्मेटोलॉजिस्ट हैं। कॉस्मेटोलॉजी में दो फेलोशिप और हॉस्पिटल मैनेजमेंट में एमबीए करने के बाद वे नागपुर स्थित जय इंस्टीट्यूट और भानुकृपा हॉस्पिटल में निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। वे प्रख्यात चिकित्सक डॉ. रवि चरडे की बेटी और गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. नीरज सवालाखे की पत्नी हैं। वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शतरंज चैंपियन जय सवालाखे की मां भी हैं।
देशभक्ति की थीम से प्रस्तुत की भारतीय पहचान
प्रतियोगिता में डॉ. श्रुति ने ऑपरेशन सिंदूर और तिरंगे से प्रेरित देशभक्ति की थीम के माध्यम से भारत की पहचान, साहस और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। इसके अलावा, एक विदेशी प्रतिभागी की तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने चिकित्सक होने के नाते उसकी मदद की।
डॉ. श्रुति की यह उपलब्धि पेशेवर जिम्मेदारियों और पारिवारिक जीवन के बीच संतुलन बनाते हुए अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देती है। उनकी सफलता ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर नागपुर का गौरव बढ़ाया है।








