spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

सोलर इंडस्ट्रीज का विस्फोटक विस्तार!

– 115 करोड़ में शिवशक्ति इंडस्ट्रियल एक्सप्लोसिव्स का अधिग्रहण

नागपुर :- सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी सोलर एक्सप्लोकेम लिमिटेड, शिवशक्ति इंडस्ट्रियल एक्सप्लोसिव्स प्राइवेट लिमिटेड का 115 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करेगी। कंपनी ने शेयर बाजार को इसकी जानकारी दी।

इस प्रस्तावित अधिग्रहण के तहत शिवशक्ति इंडस्ट्रियल एक्सप्लोसिव्स की जारी और चुकता इक्विटी शेयर पूंजी का 100 प्रतिशत हिस्सा खरीदा जाएगा। इसके लिए दोनों कंपनियों के बीच शेयर खरीद समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। सौदा आपसी सहमति से तय होने वाली शर्तों के अधीन होगा। कंपनी ने सेबी के लिस्टिंग नियमों के विनियमन 30 के तहत यह जानकारी साझा की है। वर्ष 2008 में स्थापित शिवशक्ति इंडस्ट्रियल एक्सप्लोसिव्स निजी क्षेत्र की कंपनी है। यह औद्योगिक खनन सहित विभिन्न क्षेत्रों में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटकों के निर्माण, प्रसंस्करण, आपूर्ति, वितरण और व्यापार से जुड़ी है। सोलर इंडस्ट्रीज ने कारोबार के विस्तार को अधिग्रहण का प्रमुख उद्देश्य बताया है। कंपनी को उम्मीद है कि यह सौदा एक वर्ष के भीतर पूरा हो जाएगा। इसके लिए किसी सरकारी या नियामकीय मंजूरी की आवश्यकता नहीं है। शिवशक्ति इंडस्ट्रियल एक्सप्लोसिव्स का वित्त वर्ष 2025-26 में कारोबार शून्य रहा। इससे पहले वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का कारोबार लगभग 35 लाख रुपये और 2023-24 में करीब 1.26 करोड़ रुपये था।

ओम्निया के 12,951 करोड़ के अधिग्रहण की भी तैयारी

सोलर इंडस्ट्रीज ने पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका की ओम्निया होल्डिंग्स के अधिग्रहण के लिए 12,951 करोड़ रुपये का निर्णायक समझौता किया था। इस सौदे के पूरा होने के बाद सोलर को ओम्निया के नेटवर्क के जरिए अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील और इंडोनेशिया सहित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों के साथ दक्षिणी और पश्चिमी अफ्रीका में भी अपनी पहुंच बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

ओम्निया अमोनियम नाइट्रेट की प्रमुख निर्माता कंपनी है। इसका उपयोग कृषि और विस्फोटक उद्योग में किया जाता है। इस अधिग्रहण से सोलर समूह को कृषि क्षेत्र में भी अपनी उपस्थिति मजबूत करने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

Popular Articles