– कांग्रेस नगरसेवकों का मनपा पर ‘मटका फोड़ो आंदोलन
– भीषण गर्मी में पेयजल संकट पर महापौर को घेरा, महापौर और मनपा आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
नागपुर :- पिछले कुछ दिनों से नागपुर शहर भीषण गर्मी और पानी की किल्लत की दोहरी मार झेल रहा है. इस पर जनता के हित में विपक्षी दल कांग्रेस के सभी नगरसेवकों ने नेता प्रतिपक्ष संजय महाकालकर के नेतृत्व में मनपा मुख्यालय पर ‘मटका फोड़ो आंदोलन’ कर विरोध प्रदर्शन किया और शासन व प्रशासन का ध्यान जनता की इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया. आक्रोशित कांग्रेस पार्षदों ने इस अवसर पर ‘भाजपा सरकार होश में आओ’ ‘ओसीडब्ल्यू मुर्दाबाद’ तथा ‘महापौर हाय -हाय’ जैसे नारे भी लगाए और मटके फोड़ कर अपना जोरदार तीव्र आक्रोश भी दर्शाया.
महानगरपालिका के विरोधी पक्ष नेता संजय मधुकराव महाकालकर ने महापौर नीता ठाकरे को लिखे पत्र में नागपुर शहर में व्याप्त तीव्र जल संकट को समाप्त करने तत्काल कार्रवाई की मांग की है. इस पत्र में महाकालकर ने बताया कि , नागपुर में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, वहीं शहरवासियों को बुनियादी जरूरत का पीने का पानी भी नहीं मिल पा रहा है. कई प्रभागों से नागरिकों की लगातार शिकायतें आ रही हैं. कहीं नल में पानी ही नहीं है, तो कई इलाकों में नल से दो-तीन दिन तक पानी नहीं आ रहा है. जहां पानी आ भी रहा है, वहां बेहद कम दबाव और सीमित मात्रा में आपूर्ति हो रही है. पहले टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जाती थी, लेकिन अब टैंकरों की कमी के चलते वह सुविधा भी बंद कर दी गई है.
विपक्ष के नेता संजय महाकालकर ने कांग्रेस के सभी नगरसेवकों के साथ मनपा आयुक्त विपिन इटनकर और महापौर नीता ठाकरे से मिलकर आग्रह किया कि नागपुर में रोजाना और पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ओसीडब्लू कंपनी को तत्काल आदेश दिए जाएं. साथ ही नागरिकों को जल संकट से राहत दिलाने के लिए उचित उपाय किए जाएं. मनपा आयुक्त और महापौर नीता ठाकरे ने प्रतिनिधिमंडल को समाधानकारक उत्तर देकर आश्वस्त किया कि शीघ्र ही पेयजल समस्या का हल निकाल लिया जाएगा. कांग्रेस नगरसेवकों ने इसके बाद चेतावनी दी कि अगर जनता की पेयजल समस्या का समाधान जल्द नहीं किया गया, तो शीघ्र ही कांग्रेस पार्टी सडक़ों पर उतरकर तीव्र आंदोलन करेगी.
इस ‘मटका फोड़ो आंदोलन’ में शहर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गिरीश पांडव, मनपा में विपक्ष के नेता संजय महाकालकर, प्रदेश कांग्रेस के महासचिव व नगरसेवक अतुल कोटेचा, केतन ठाकरे, विवेक निकोसे, वसीम खान, अभिजीत झा, प्रमोद ठाकुर, शैलेश पांडे, सुजाता कोंबाडे, कुमुदिनी गुडधे, सुहास नानवटकर, रमाताई उईके, शीला तराले, मनोज गावंडे, सरस्वती सलामे, सीमा ठवरे, कांचन चव्हाण, शैलेश डोरले आदि नगरसेवक और शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित थे. इसके अलावा डॉ मेहुल अडवाणी, श्रीकांत ढोलके, आयुष राऊत, नाजू अहमद, लंकेश उके, पंकज निघोट, रश्मि गजला, हाजी मिहराजुद्दीन आदि कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.
तो ‘टैंकर फोड़ो आंदोलन’ होगा!
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव और मनपा में मनोनीत नगरसेवक अतुल कोटेचा ने चेतावनी दी कि अगर भाजपा की स्थानीय सरकार ने नागरिकों की पेयजल समस्या शीघ्र ही हल नहीं की, तो जल्द ही शहर कांग्रेस बड़ा जन-आंदोलन करेगी. उन्होंने कहा कि अभी तो हमने मटके फोड़े हैं और अगर यह जनसमस्या जल्द नहीं सुलझाई गई, तो हम ‘टैंकर फोड़ो आंदोलन’ करेंगे और जनता को पेयजल पहुंचाकर ही रहेंगे.



