– दीपावली पर तिरंगे में घर पहुंचा पार्थिव शरीर
गुरदासपुर :- दीपावली के दिन पंजाब के गुरदासपुर में उस समय माहौल गमगीन हो गया, जब सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान कॉन्स्टेबल शिवदयाल का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर उनके घर पहुंचा। बीएसएफ की 78वीं बटालियन में तैनात शिवदयाल का 6 नवंबर को ड्यूटी के दौरान हृदयाघात से निधन हो गया था। वे पश्चिम बंगाल के गोपालपुर, न्यू कूच बिहार में भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात थे।
दीपावली के दिन उनका पार्थिव शरीर विमान से अमृतसर लाया गया। इसके बाद बीएसएफ के वाहन से उनके निवास मोहल्ला सैली कुल्लियां पहुंचाया गया। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। बाद में चक्की पुल के पास स्थित श्मशान घाट में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
एक रात पहले परिवार से की थी बात
पत्नी रमन ने बताया कि 5 नवंबर की रात करीब 11 बजे शिवदयाल ने सीमा पर गश्त के दौरान वीडियो कॉल कर परिवार का हालचाल जाना था। उन्होंने मां, पत्नी और बच्चों से हंसते हुए बातचीत की थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह परिवार से उनकी आखिरी बातचीत होगी। अगली सुबह उनके निधन की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
सात वर्षीय बेटी ने दी मुखाग्नि
जवान का पार्थिव शरीर घर पहुंचने पर उनकी सात वर्षीय बेटी शवन्या और चार वर्षीय बेटी शहनाया पिता को एकटक निहारती रहीं। दोनों मासूम शायद इस बात से अनजान थीं कि अब उनके सिर से पिता का साया उठ चुका है। अंतिम विदाई के दौरान पत्नी और दोनों बेटियों ने पार्थिव शरीर को सलामी दी। इस दौरान भारत माता की जय के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। बाद में सात वर्षीय बेटी शवन्या ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।






