spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

500 रुपये नहीं देने पर वृद्धा की हत्या

– सोने का दांत भी उखाड़ ले गई आरोपी, पड़ोसन ने कबूला जुर्म

भोपाल :- राजधानी भोपाल के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र स्थित वाजपेयी नगर मल्टी में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला कलरी देवी की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में पड़ोस में रहने वाली 45 वर्षीय रेखा उर्फ रीता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह बुजुर्ग महिला से 500 रुपये मांगने उनके घर पहुंची थी। पैसे देने से इनकार करने पर उसने पहले महिला के साथ मारपीट की और फिर उनकी हत्या कर घर में रखे सोने के जेवर, नकदी और यहां तक कि सोने का दांत भी निकाल लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआत में पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार नहीं किया। करीब आठ घंटे तक चली पूछताछ के बाद एसीपी अनिल बाजपेयी ने उससे सवाल-जवाब किए, जिसके बाद उसने कथित तौर पर पूरी वारदात का खुलासा किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने एसीपी से कहा, ‘आपके चेहरे में मुझे साईं बाबा दिखाई दे रहे हैं। मैं आपको कलरी देवी की हत्या का सच बताती हूं।’ इसके बाद उसने वारदात से जुड़ी जानकारी दी।

सीसीटीवी फुटेज और चप्पल ने खोला राज

इस हत्याकांड की जांच में सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रही। बताया जाता है कि पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के जनसंवाद कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने सुरक्षा की मांग उठाई थी। इसके बाद शाहजहांनाबाद पुलिस ने वाजपेयी नगर मल्टी में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी घर से बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान उसने दरवाजे से पैर बाहर निकाला, लेकिन किसी की आहट सुनकर वापस खींच लिया। कुछ देर बाद वह मुंह ढककर बाहर निकली। सीसीटीवी फुटेज में उसकी गतिविधियां और चलने का अंदाज रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में दिखाई दी चप्पल और आरोपी की चाल के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और जांच आगे बढ़ाई। अंततः पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।

जेवर और नकदी बरामद, आरोपी गिरफ्तार

डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता के मुताबिक, शाहजहांनाबाद पुलिस ने रेखा उर्फ रीता को हत्या और लूट के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए जेवर, नकदी और चप्पल बरामद हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह निशातपुरा में नाबालिग के अपहरण-दुष्कर्म में ढाई साल जेल रही। उस पर मारपीट- लूट का केस भी दर्ज है।

Popular Articles