– कई बच्चों को प्लेग्रुप में ही रहना होगा, 30 जून तक 3 साल की उम्र पूरी करना अनिवार्य
नागपुर :- महाराष्ट्र में नर्सरी में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु सीमा में बदलाव किए जाने से अभिभावकों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। नए नियम के चलते कई ऐसे बच्चों को अगले शैक्षणिक सत्र में नर्सरी में प्रवेश नहीं मिल पाएगा, जो प्लेग्रुप से नर्सरी में जाने की तैयारी कर रहे थे। अब उन्हें एक साल और प्लेग्रुप में ही पढ़ाई करनी पड़ सकती है।
संशोधित नियम के अनुसार, नर्सरी में प्रवेश के लिए बच्चे की उम्र प्रवेश वाले शैक्षणिक वर्ष की 30 जून तक कम से कम तीन वर्ष पूरी होनी चाहिए। इससे पहले आयु की गणना के लिए 30 दिसंबर की कट-ऑफ तारीख निर्धारित थी। पुराने नियम के तहत करीब ढाई वर्ष की उम्र वाले बच्चों को भी नर्सरी में प्रवेश मिल सकता था। जानकारी के अनुसार इस बदलाव का असर उन अभिभावकों पर पड़ा है, जिनके बच्चे फिलहाल प्लेग्रुप में पढ़ रहे हैं और अगले शैक्षणिक सत्र में नर्सरी में प्रवेश लेने वाले थे। नए नियम के तहत निर्धारित आयु पूरी नहीं करने वाले बच्चों को अगले प्रवेश सत्र तक प्लेग्रुप में ही रहना होगा। इस बदलाव से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। बच्चों की औपचारिक स्कूली शिक्षा शुरू होने में एक साल की देरी के साथ ही परिवारों को प्लेग्रुप की एक साल की अतिरिक्त फीस भी चुकानी पड़ सकती है।






